CrimeIndia

​देवरिया में RSS कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, सड़क पर ब्रेकर को लेकर हुआ था विवाद; SHO समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पड़ोसियों के लाठीडंडों से किए गए हमले में RSS कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.

​देवरिया में RSS कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, सड़क पर ब्रेकर को लेकर हुआ था विवाद; SHO समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुआ विवाद

भीखम छपरा गांव में पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. यह सड़क रामेश्वर तिवारी के घर के सामने से होकर गुजरती है. बताया जा रहा कि रामेश्वर तिवारी अपने घर के सामने सड़क पर अपनी सुविधा के अनुसार ब्रेकर बनवाना चाहते थे. इसका पड़ोसियों ने विरोध किया. इसी बात को लेकर रामेश्वर तिवारी और उनके पड़ोसियों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद पड़ोसियों ने रामेश्वर तिवारी पर लाठीडंडों से हमला कर दिया. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े.

ये भी पढे़ं

देवरिया मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत

रामेश्वर तिवारी के घायल होने के बाद परिजन उन्हें तत्काल लार सीएचसी लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संजय तिवारी, दीपक तिवारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

लापरवाही पर SHO समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित

मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं. देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर ने लापरवाही के आरोप में लार थाना प्रभारी राकेश कुमार और सब इंस्पेक्टर राम मूरत को सस्पेंड कर दिया है. इसके अलावा दो बीट सिपाहियों को भी सस्पेंड किया गया है. पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.

DIG ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

शुक्रवार को DIG गोरखपुर जोन एस. चन्नप्पा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि रामेश्वर तिवारी की मारपीट की घटना में मौत हुई है. मामले में संजय तिवारी, दीपक तिवारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि घटना में जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

DIG ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई हैं. एसपी के साथ उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया है और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply