CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

RTI विवाद​​ ने लिया खूनी रूप! शिक्षिका की मौत के बाद कांग्रेस नेत्री समेत 6 लोगों पर हत्या का केस दर्ज

RTI विवाद​​ ने लिया खूनी रूप! शिक्षिका की मौत के बाद कांग्रेस नेत्री समेत 6 लोगों पर हत्या का केस दर्ज

बस्ती, उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगने को लेकर चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 51 वर्षीय शिक्षिका सुधा यादव और उनके परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों व चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति, बेटा और बेटी भी घायल हुए हैं।

इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

नौकरी और RTI की जानकारी को लेकर चल रहा था विवाद

ताहिरपुर गांव निवासी सुधा यादव गोंडा जिले के एक परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका थीं। वह नौकरी के सिलसिले में अयोध्या में रहती थीं। दीपावली की छुट्टियों में वह अपने पति सुधाशंकर यादव और बच्चों के साथ गांव आई हुई थीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव का मायका भी इसी गांव में है। उन्होंने सुधा यादव की नौकरी को लेकर सवाल उठाए थे और RTI के जरिए संबंधित जानकारी मांगी थी। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हुई मारपीट

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे लक्ष्मी यादव अपने मायके ताहिरपुर में लक्ष्मी पूजा में शामिल होने जा रही थीं। गांव में पहुंचने के बाद उनकी शिक्षिका सुधा यादव के परिवार के लोगों से कहासुनी हो गई।

आवाज सुनकर लक्ष्मी यादव के मायके पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

इस दौरान सुधा यादव, उनके पति सुधाशंकर, बेटी अन्नू और बेटे अखिलेश को गंभीर चोटें आईं। चारों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान सुधा यादव की मौत हो गई।

पति की हालत गंभीर, गोरखपुर किया गया रेफर

शिक्षिका के पति सुधाशंकर यादव की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं घायल बेटे और बेटी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मृतका के बेटे अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी यादव और उनके साथ आए लोगों ने उनकी मां पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुरी तरह पीटा गया।

कांग्रेस नेत्री समेत छह लोगों पर मुकदमा

कलवारी थाना पुलिस के मुताबिक, सुधा यादव के बेटे की शिकायत के आधार पर लक्ष्मी यादव, दीपशिखा, आदर्श, आलोक, दीनानाथ और प्रेमचंद्र के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply