नई दिल्ली
सचिन तेंदुलकर, शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित के निवेश वाली कंपनी पर्पल स्टाइल का आईपीओ आने वाला है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार Pernia’s PopUp Shop की पैरेंट कंपनी 660 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने जा रही है। यह आईपीओ इसी महीने यानी अगस्त के अंत तक आ सकता है। मल्टी लग्जरी ओमनी चैनल प्लेटफॉर्म का संचालन करने वाली कंपनी ने अपडेटेड RHP मार्केट रेगुलेटर सेबी को जमा कर दिया है। बता दें, कंपनी को सेबी की तरफ से आईपीओ लाने की मंजूरी इसी साल जनवरी में मिल गई थी।

कैसा होगा IPO
कंपनी के DRHP के अनुसार प्रस्तावित आईपीओ 660 करोड़ रुपये का है। यह इश्यू पूरी तरह से फ्रेश शेयरों पर आधारित है। ऑफर फार सेल के जरिए एक भी शेयर नहीं बेचे जा रहे हैं। यानी मौजूदा निवेशकों की तरफ से कोई भी बिक्री नहीं हो रही है। आखिरी बार कंपनी ने 402 करोड़ रुपये 3662 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर जुटाया था।
आईपीओ के पैसों का क्या करेगी कंपनी
इस आईपीओ से इकट्ठा किए पैसों के जरिए कंपनी अपनी सब्सिडियरी पीएसल रिटेल के मौजूदा कर्ज को चुकाएगी। साथ देश भर में बैक एंड ऑफिस के लिए भी इश्यू से जुटाए पैसों का उपयोग होगा। कुछ हिस्सा मार्केटिंग और सेल्स को मजबूत करने के लिए होगा। वहीं, बाकि बचे पैस जनरल कॉरपोरेट कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा।
एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड को आईपीओ का बैंकर्स नियुक्त किया गया है।
कंपनी में कौनकौन है हिस्सेदार
इस समय कंपनी के प्रमोटर अभिषेक अग्रवाल के पास 27.10 प्रतिशत हिस्सा है। वहीं, आकाश भंसाली, मुकुल अग्रवाल ने भी कंपनी में निवेश किया है। सचिन तेंदुलकर, शाहरुख खान और उनका परिवार, माधुरी दीक्षित और महेश बाबू की कंपनी में हिस्सेदारी है।
माधुरी दीक्षित इस कंपनी की शुरुआती निवेशकों में से एक हैं। गौरी खान फैमिली ट्रस्ट ने नवंबर 2024 में और सचिन तेंदुलकर ने मार्च 2025 में प्रीफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए निवेश किया था।
कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी है?
फाइनेंशियल ईयर 2020 के दौरान कंपनी का रेवन्यू 45 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2024 के दौरान कंपनी का रेवन्यू 508 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया था। यानी 11 गुना इजाफा कंपनी के रेवन्यू में इस दौरान देखने को मिला।
Pernia’s PopUp Shop पर 1300 से अधिक डिजाइनर्स और 2 लाख से अधिक प्रोडक्ट्स मिल जाएंगे। कंपनी अपने प्रोडक्ट ऑनलाइन और ऑफ लाइन दोनों तरीके से बेचती है। मौजूदा समय में इस कंपनी के पास कुल 14 एक्सपिरियंस सेंटर है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू 588 करोड़ रुपये था।



