CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

आगरा में प्लॉट में संदिग्ध हालत में मिला साधु का शव, हत्या की आशंका –

आगरा में प्लॉट में संदिग्ध हालत में मिला साधु का शव, हत्या की आशंका –

थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव सहाई निवासी धर्मवीर पुत्र दिगंबर सिंह (45) का शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से घटना के जल्द खुलासे की मांग की है।

धर्मवीर सुबह करीब नौ बजे घर पर पशुओं के लिए सानी करने नहीं पहुंचे। काफी देर तक उनके नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान रोड किनारे स्थित प्लाट पर कुंडी लगी मिली। उनके भतीजे सौरभ सोलंकी ने बताया कि चाचा का मोबाइल मिलाने पर अंदर कमरे में फोन की घंटी सुनाई दी।

इसके बाद छत के रास्ते अंदर जाकर देखा तो कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी, जबकि मुख्य गेट की कुंडी अंदर से बंद थी। अंदर धर्मवीर का शव पड़ा मिला।

डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार एवं थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

धर्मवीर अविवाहित थे। वह मंदिर की सेवा करने के साथ भजन-कीर्तन करते थे और रोजाना गांव की परिक्रमा भी करते थे। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply