IndiaUttar Pradesh

Saharanpur Crime News: देवर ही निकला कातिल! 80 हजार की सुपारी देकर भांजों से कराई भाभी की हत्या

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जिस महिला की मौत को पहले अज्ञात बदमाशों की वारदात माना जा रहा था, उसकी हत्या उसके ही देवर ने 80 हजार रुपये की सुपारी देकर अपने दो भांजों से कराई थी. पुलिस ने महज चार दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है.

Saharanpur Crime News: देवर ही निकला कातिल! 80 हजार की सुपारी देकर भांजों से कराई भाभी की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई को निहालखेड़ी गांव निवासी राकेश ने अपनी बहन रीना की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि 1011 जुलाई की रात अज्ञात लोगों ने रीना की हत्या कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए देवबंद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से अहम जानकारी मिली. इसके आधार पर निहालखेड़ी के जंगल से रवि, अंकित और अंकुर को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में मुख्य आरोपी रवि ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.

संपति के लिए भाभी की हत्या

रवि ने पुलिस को बताया कि उसके भाई अर्जुन की चारपांच वर्ष पहले मौत हो गई थी. भाई की मौत के बाद उसकी संपत्ति बेटे सूर्य के नाम हो गई थी, लेकिन कुछ माह पहले सूर्य की भी मौत हो गई. इसके बाद संपत्ति का अधिकार उसकी भाभी रीना के पास आ गया. रीना जमीन और मकान बेचकर कहीं और बसना चाहती थी, जबकि रवि उस संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था.

लोहे की रॉड से किया था हमला

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को रवि एक रिश्तेदार की शादी में कोटा भारापुर गया, जहां उसने अपने भांजों अंकित और अंकुर को 80 हजार रुपये देने का लालच देकर हत्या की साजिश में शामिल कर लिया. प्लान के मुताबिक 10 जुलाई की रात तीनों आरोपी रीना के घर पहुंचे. कमरे में सो रही रीना पर पहले लोहे की रॉड से हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

देवबंद पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रवि के खिलाफ पहले भी वर्ष 2020 में गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हो चुका है. तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply