CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

सहारनपुर मर्डर या सुसाइड? शाकंभरी क्षेत्र में बजरंग दल के विभाग संयोजक का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप

सहारनपुर मर्डर या सुसाइड? शाकंभरी क्षेत्र में बजरंग दल के विभाग संयोजक का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के शाकंभरी क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिजनौर जिले के हल्दौर निवासी 30 वर्षीय शिवम वर्मा के रूप में हुई है, जो बजरंग दल में विभाग संयोजक की जिम्मेदारी निभा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह नागलमाफी गांव के पास खेतों में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मिर्जापुर थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई।

घटनास्थल से पुलिस को रस्सी का एक टुकड़ा, सिगरेट, लाइटर और कुछ नकदी बरामद हुई है। वहीं शव की स्थिति को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के पैर मुड़े हुए थे, जिससे हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक शिवम वर्मा अपनी मां के साथ देहरादून आए हुए थे। बुधवार रात उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकल गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। अगले दिन उनका शव शाकंभरी क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला। पुलिस अब उस अंतिम कॉल और मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह और एसपी देहात मयंक पाठक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल सामने आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply