IndiaUttar Pradesh

​‘साहिल-मुस्कान को तुरंत हो फांसी, तभी मिलेगा न्याय’… सौरभ राजपूत के मां और भाई ने की ये मांग

Meerut Blue Drum Murder Case: मेरठ के बहुचर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में अदालत ने मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई है. कोर्ट के इस फैसले से मृतक सौरभ राजपूत के परिवार ने संतुष्टि जताई है, लेकिन उनका कहना है कि यह अभी आधा न्याय है. परिवार को पूरी राहत उस दिन मिलेगी, जब दोनों दोषियों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाएगा. हमारी मांग है कि तुरंत फांसी होनी चाहिए. सौरभ की मां और भाई बबलू ने साफ कहा है कि जब तक दोषियों को फांसी नहीं होती, उनकी लड़ाई जारी रहेगी. जरूरत पड़ी तो वे राष्ट्रपति स्तर तक अपनी बात पहुंचाएंगे.

​‘साहिल-मुस्कान को तुरंत हो फांसी, तभी मिलेगा न्याय’… सौरभ राजपूत के मां और भाई ने की ये मांग

फांसी की तारीख तय होने पर मिलेगी पूरी खुशी

अदालत के फैसले के बाद सौरभ के परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन उनकी पीड़ा अब भी कम नहीं हुई है. सौरभ के भाई बबलू ने कहा कि कोर्ट के फैसले से परिवार को खुशी हुई है, लेकिन यह खुशी अधूरी है. उनके मुताबिक, जिस दिन मुस्कान और साहिल की फांसी की तारीख तय होगी और सजा पर अमल होगा, उसी दिन उन्हें लगेगा कि पूरा न्याय मिला है.

बबलू ने कहा कि परिवार लंबे समय से इस फैसले का इंतजार कर रहा था. करीब डेढ़ साल से वे न्याय की उम्मीद लगाए बैठे थे. इस दौरान परिवार ने बेहद मुश्किल समय गुजारा है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शायद ही कोई ऐसा दिन बीता हो, जब उन्हें अपने भाई की याद में रोना न आया हो. सौरभ की कमी परिवार को हर दिन महसूस होती है.

सजा से संतुष्ट हैं सौरभ की मां

सौरभ की मां रेनू देवी ने भी अदालत के फैसले पर संतुष्टि जताई. उन्होंने कहा कि कोर्ट ने सही फैसला सुनाया है और परिवार इससे बहुत संतुष्ट है. हालांकि, उन्होंने भी माना कि दोषियों को मृत्युदंड सुनाया जाना और वास्तव में फांसी होना दो अलगअलग बातें हैं. परिवार की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए. सौरभ की मां और भाई का कहना है कि जब तक दोनों को फांसी नहीं होती, तब तक उनके मन को पूरी शांति नहीं मिलेगी. परिवार का कहना है कि वे इस मामले में आगे भी अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.

राष्ट्रपति से भी करेंगे न्याय की मांग

सौरभ के भाई बबलू ने कहा कि अगर आगे की कानूनी प्रक्रिया में दोषियों की फांसी की सजा माफ करने या कम करने की कोशिश की गई तो परिवार चुप नहीं बैठेगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से मिलेंगे. अपनी बात रखने के लिए जहां तक जाना पड़ेगा, वे जाएंगे. परिवार का कहना है कि सौरभ के साथ हुई घटना को देखते हुए दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. उनकी नजर में मृत्युदंड का फैसला न्याय की दिशा में बड़ा कदम है, लेकिन अंतिम लक्ष्य सजा पर अमल होना है.

ये भी पढे़ं

मुस्कान की बच्ची को लेकर क्या बोले सौरभ के परिजन?

इस मामले में मुस्कान ने जेल में एक बच्ची को जन्म दिया है. अदालत में सजा सुनाए जाने से पहले उसने अपनी बच्चियों का ख्याल रखने की बात कही थी. ऐसे में बच्ची के भविष्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. इस पर सौरभ के भाई बबलू ने कहा कि बच्ची से उनके परिवार का कोई संबंध नहीं है और वे उसे अपने पास नहीं रखेंगे. उन्होंने कहा कि बच्ची को साहिल के परिवार या मुस्कान के परिवार को अपने साथ रखना चाहिए. बबलू के मुताबिक, बच्ची की जिम्मेदारी साहिल के परिवार को लेनी चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि अगर बच्ची के संबंध में उनके परिवार से DNA टेस्ट कराने की मांग की जाती है तो वे इसके लिए तैयार नहीं होंगे. परिवार ने साफ किया कि वे बच्ची की परवरिश की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते.

सजा सुनकर रोने लगे मुस्कान और साहिल

सजा सुनाए जाने के दौरान मुस्कान और साहिल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत से जोड़ा गया था. कार्यवाही के दौरान दोनों भावुक हो गए और रोने लगे. जज ने मुस्कान से पूछा कि जब वह अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या में दोषी है तो वह क्या सजा चाहती है. इस पर मुस्कान ने अपनी बच्चियों का ख्याल रखने की बात कही. इसके बाद वह खामोश हो गई. जज ने साहिल से भी यही सवाल किया, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे सका. अदालत ने दोनों को मृत्युदंड सुनाया. फैसले के बाद सौरभ की मां भावुक हो गईं. परिवार के लिए यह फैसला लंबे इंतजार के बाद आया था.

क्या है मेरठ का नीला ड्रम हत्याकांड?

मेरठ का यह मामला मार्च 2025 में सामने आया था. आरोप के मुताबिक, मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की हत्या की थी. सौरभ की हत्या 3 मार्च 2025 को की गई थी. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव के पांच टुकड़े किए गए और उन्हें नीले ड्रम में डाल दिया गया. शव को छिपाने के लिए ड्रम में सीमेंट का घोल भी डाला गया था. मामले के सामने आने के बाद पूरे देश में सनसनी फैल गई थी. पुलिस जांच और लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने मुस्कान और साहिल को दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply