नई दिल्ली : अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित बांद्रा आवास के बाहर वर्ष 2024 में हुई फायरिंग मामले में वांछित आरोपी और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष मकोका अदालत में आत्मसमर्पण की अनुमति मांगी है। इस संबंध में उसने गुरुवार को अदालत में याचिका दायर करते हुए कहा कि वह निष्पक्ष सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए स्वेच्छा से अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहता है।

अनमोल बिश्नोई फिलहाल नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उसे नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। भारत लाए जाने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े कथित आतंकवादीगैंगस्टर गठजोड़ के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया था।
विशेष न्यायाधीश एस.आर. नवेंदर ने अनमोल की याचिका पर लोक अभियोजक को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। याचिका में कहा गया है कि एनआईए मामले में न्यायिक हिरासत में होने के कारण वह अदालत के निर्देश के बिना मुंबई की अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकता। इसलिए तिहाड़ जेल प्रशासन के नाम प्रोडक्शन वारंट जारी किया जाए, ताकि उसका औपचारिक आत्मसमर्पण दर्ज किया जा सके और आवश्यक रिमांड की कार्यवाही, चाहे भौतिक रूप से हो या वर्चुअल माध्यम से, पूरी कराई जा सके।
याचिका में यह भी कहा गया है कि इस राहत से अभियोजन पक्ष को कोई नुकसान नहीं होगा। इसके विपरीत, इससे मुकदमे की सुनवाई में तेजी आएगी और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग नहीं होगा। अनमोल ने यह भी बताया कि फायरिंग मामले की सुनवाई जारी है और उसकी अनुपस्थिति में अभियोजन पक्ष के तीन गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2024 को दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे। जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोप लगाया कि हमले की साजिश लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने रची थी।
इस मामले में शूटर विक्की गुप्ता और सागर पाल के अलावा सोनूकुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह पर मुकदमा चल रहा है। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी अनुज कुमार थापन की पुलिस हिरासत के दौरान मौत हो चुकी है। लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई इस मामले में अब भी वांछित आरोपियों के रूप में नामजद हैं।



