नई दिल्ली : कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन2 एक बार फिर विवादों में घिर गया है। शुक्रवार को जारी किए गए नए एपिसोड के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एपिसोड में बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े कथित मजाक को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। यह बातचीत समय रैना और स्टैंडअप कॉमेडियन शैरन वर्मा के बीच हुई थी।

बिहार को लेकर शुरू हुई मजाकिया बातचीत
एपिसोड में समय रैना ने शैरन वर्मा का परिचय कराते हुए उनके बिहार से होने को लेकर मजाक किया। उन्होंने कहा कि शैरन इतनी बिहारी हैं कि उन्हें लगता है कि ‘इबोला’ का मतलब है कि किसी ने कुछ कहा है।
इसके जवाब में शैरन वर्मा ने समय रैना की कश्मीरी पृष्ठभूमि को लेकर मजाक किया और कहा कि समय इतने कश्मीरी हैं कि उन्हें ‘स्टोन’ होना पसंद है। इसके बाद दोनों के बीच इसी अंदाज में मजाक चलता रहा।
समय ने आगे शैरन के मुंबई आने और नौकरी की तलाश से जुड़ा मजाक किया। इस पर शैरन ने जवाब देते हुए कहा कि कम से कम उन्होंने अपनी मर्जी से अपना राज्य छोड़ा है। बातचीत का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का ध्यान खींचने लगा।
BJP विधायक राम कदम ने जताई नाराजगी
विवाद के बीच भाजपा विधायक राम कदम ने कथित टिप्पणियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल प्रचार हासिल करने के लिए जानबूझकर विवादित बयान देते हैं।
राम कदम ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म के देवीदेवताओं और कश्मीरी पंडितों को मजाक का विषय नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि जानबूझकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद केवल माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि विवाद के जरिए संबंधित व्यक्ति को देशभर में मुफ्त प्रचार मिल जाता है।
कश्मीरी पंडित ने कहा टिप्पणी को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं
वहीं, एक कश्मीरी पंडित ने इस विवाद को लेकर अलग राय रखी। उन्होंने कहा कि समय रैना और शैरन वर्मा के बीच हुई बातचीत को बहुत ज्यादा गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह एक कॉमेडी शो था। उन्होंने कहा कि अगर कोई कश्मीरी पंडित है तो उसे देश में कहीं भी जाने और रहने का मौलिक अधिकार है। इसी तरह बिहार का कोई व्यक्ति भी नौकरी या किसी अन्य वजह से मुंबई समेत देश के किसी भी हिस्से में जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि कॉमेडी शो में कलाकारों के बीच मजाक चलता रहता है। इसलिए ऐसी बातों को व्यक्तिगत रूप से लेने के बजाय उन्हें उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।


