अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की आगामी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज से कुछ दिनों पहले ही इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों का रिएक्शन भी सामने आने लगा है। कई फैंस ने कमेंट सेक्शन में उत्सुकता जाहिर की है, कह सकते हैं कि ट्रेलर ने फैंस के बीच बेकरारी को और अधिक बढ़ा दिया है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म एक प्रेम कहानी पर आधारित है, लेकिन इसके ट्रेलर को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इसमें मौलिकता की काफी कमी है। चलिए आपको फिल्म और ट्रेलर के बारे में बताते हैं।

‘चांद मेरा दिल’ का ट्रेलर
लगभग 2 मिनट 54 सेकंड का यह ट्रेलर अनन्या और लक्ष्य के बीच एक रोमांटिक दृश्य के साथ शुरू होता है, लेकिन जल्द ही यह मिठास कड़वाहट में बदल जाती है और दोनों के बीच विवाद उभरने लगते हैं। फिल्म का पूरा ढांचा बॉलीवुड की उसी पुरानी और घिसीपिटी प्रेम कहानी के फॉर्मूले पर आधारित लगता है, जिसमें पहले आकर्षण होता है, फिर गहरा रोमांस, उसके बाद ढेर सारा ड्रामा और अंत में एक सुखद अंत की उम्मीद की जाती है। ट्रेलर में कहानी के इतने संकेत दे दिए गए हैं कि दर्शक पूरी फिल्म का अंदाजा आसानी से लगा सकते हैं। इसमें कुछ भी नया या हटकर देखने को नहीं मिलता, जो इसे अन्य प्रेम कहानियों से अलग खड़ा कर सके। ऐसा लगता है कि मेकर्स ने भावनाओं और नाटकीयता का वही पुराना मिश्रण परोसा है जो दशकों से सिनेमा में देखा जा रहा है।
अनन्या और लक्ष्य की केमिस्ट्री
ट्रेलर की एक खास बात यह है कि इसमें केवल मुख्य कलाकारों अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी पर ही ध्यान केंद्रित किया गया है। सहायक कलाकारों का कोई भी प्रमुख चेहरा इस क्लिप में नजर नहीं आता। अनन्या पांडे की बात करें तो उनका किरदार ‘तू मेरी, मैं तेरा’ वाली पारंपरिक छवि जैसा ही लग रहा है। उनके अभिनय के अंदाज में भी कोई विशेष बदलाव या नवीनता महसूस नहीं होती, जिससे दर्शक हैरान हों। दूसरी ओर लक्ष्य लालवानी पहली बार एक पूर्ण रोमांटिक हीरो की भूमिका में नजर आ रहे हैं। हालांकि ट्रेलर में गुस्से और चिल्लाने वाले दृश्यों में वे बहुत ज्यादा प्रभावशाली नहीं लगते। कहानी के संकेतों से ऐसा प्रतीत होता है कि फिल्म में नायक का किरदार एंगर इश्यूज से जूझ रहा होगा। मुमकिन है कि फिल्म में अनन्या का किरदार अपने आत्मसम्मान को प्राथमिकता देते हुए नायक से अलग हो जाए ताकि फिल्म में कुछ गमगीन गाने और दिल टूटने वाले दृश्य जोड़े जा सकें और सुधरे हुए नायक के पास वापस लौट आए।
रिलीज डेट
‘चांद मेरा दिल’ का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है और इसे करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का टाइटल ट्रैक पहले ही अपनी लोकप्रियता दर्ज करा रहा है, जिसे मशहूर गायक फहीम अब्दुल्ला ने अपनी आवाज दी है। फहीम अब्दुल्ला को उनके सुपरहिट गीत ‘सैयारा’ के लिए जाना जाता है और इस फिल्म के संगीत से भी वैसी ही उम्मीदें लगाई जा रही हैं। ट्रेलर भले ही पूर्वानुमानित और साधारण लग रहा हो, लेकिन फिल्म का संगीत और धर्मा प्रोडक्शंस की भव्यता इसे एक बार देखने लायक बना सकती है। अनन्या और लक्ष्य की यह जोड़ी बड़े पर्दे पर अपनी छाप छोड़ पाती है या नहीं, यह तो फिल्म की रिलीज के बाद ही साफ होगा। यह फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। सस्पेंस और नवीनता के अभाव के बावजूद रोमांटिक फिल्मों के शौकीन दर्शकों के लिए यह एक विकल्प साबित हो सकती है।



