नई दिल्ली : दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच ने करोड़ों रुपये के कथित मेडिकल खरीद घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज डॉ. वत्सला अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। ACB ने गुरुवार को उन्हें हिरासत में लिया। इस मामले में डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स नीरज चोपड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है।

इससे पहले ACB ने इसी मामले में डॉ. विनोद कुमार रंगा को गिरफ्तार किया था। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच के अनुसार, यह मामला दवाइयों, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी के माध्यम से कई सौ करोड़ रुपये की खरीद प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गईं। CPA, डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज के अधीन कार्य करती है।
ACB पूरे मामले में वित्तीय लेनदेन, खरीद प्रक्रिया में अपनाई गई कार्यप्रणाली और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि कथित अनियमितताओं से किसे और कितना आर्थिक लाभ पहुंचा।



