Patna bank fraud case: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग बेटे ने अपनी ही मां के बैंक अकाउंट से करीब 33 लाख रुपये पड़ोसी के खाते में ट्रांसफर कर दिए. हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल पिछले पांच महीनों से चलता रहा और महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी. मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने राजीव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है.

पीड़ित महिला पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में रहती हैं और एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं. महिला ने पुलिस को बताया कि वह जब भी स्कूल से घर लौटती थीं, उनका छोटा बेटा अक्सर उनका मोबाइल फोन अपने पास ले लेता था. शुरुआत में महिला को इस पर कोई शक नहीं हुआ, लेकिन बाद में पता चला कि इसी दौरान बैंक अकाउंट से लगातार बड़ी रकम ट्रांसफर की जा रही थी.
कैसे हुआ खुलासा?
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला का बड़ा बेटा, जो एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, कुछ दिनों के लिए घर आया. घर आने के बाद उसने अपनी मां के मोबाइल से बैंक अकाउंट की जांच की. जांच करते ही उसके होश उड़ गए. अकाउंट से करीब 33 लाख रुपये के ट्रांजैक्शन सामने आए. इतना ही नहीं, खाते से लोन भी लिया गया था. बड़े बेटे ने तुरंत अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया.
इसके बाद महिला बैंक पहुंची और खाते का विस्तृत स्टेटमेंट निकलवाया. जांच में सामने आया कि अकाउंट से ट्रांसफर की गई पूरी रकम पड़ोसी के बैंक खाते में भेजी गई थी. आरोप है कि पड़ोसी ने महिला के नाबालिग बेटे को बहलाफुसलाकर अपने खाते में पैसे ट्रांसफर करवाए. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पड़ोसी ने इन पैसों से जमकर मौजमस्ती की. उसने कार खरीदी, ज्वेलरी ली और बनारस घूमने तक चला गया.
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उनके बेटे को झांसा देकर इस पूरे खेल को अंजाम दिया गया. महिला ने पड़ोसी अनिल, उसके भाई और बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान नाबालिग बेटे ने सिर्फ इतना कहा कि उससे गलती हो गई. हालांकि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बच्चे को इस काम के लिए किसी ने उकसाया था या फिर उसे लालच दिया गया था. फिलहाल राजीव नगर थाना पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.



