
रायबरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक युवक की लाठीडंडों से पीटपीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बछरावां थाना क्षेत्र के खैरानी गांव में छतैया गांव के ग्राम प्रधान के बेटे रमाकांत की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
कार से खैरानी गांव पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, हरचंदपुर क्षेत्र के छतैया गांव निवासी रमाकांत कार से खैरानी गांव पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठीडंडों से जमकर पीटा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रारंभिक जानकारी में युवक की हत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।


