Amravati Patwari Molestation Case: अमरावती में महिला से दुष्कर्म और लगभग 5 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी निलंबित पटवारी विपुल भानुदास ठाकरे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गाडगेनगर पुलिस ने जांच के दौरान उसके नाम पर जारी शासकीय लाइसेंसी सर्विस रिवॉल्वर जब्त कर लिया है।

हालांकि, आरोपी को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में कोई ढिलाई नहीं बरत रही है।
दुष्कर्म का लगा आरोप
पुलिस के अनुसार, 19 मई को एक महिला ने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि आरोपी ने हथियार का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी की। शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विपुल ठाकरे को निलंबित कर दिया था।
सर्विस रिवॉल्वर जब्त और जांच तेज
जांच के दौरान अमरावती शहर के गाडगेनगर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के पास शासकीय लाइसेंसी सर्विस रिवॉल्वर है। इसके बाद जांच के हित में हथियार जब्त कर लिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के दौरान इस हथियार का उपयोग किया गया था या नहीं।
इसके अलावा कथित आर्थिक लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस बहुचर्चित मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।



