Uncategorized

अतीक परिवार के चार सदस्यों की मौत के बाद भी फरार हैं शाइस्ता परवीन, 3 साल से तलाश जारी..

अतीक परिवार के चार सदस्यों की मौत के बाद भी फरार हैं शाइस्ता परवीन, 3 साल से तलाश जारी..

13 अप्रैल 2023 को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अतीक के बेटे असद को मुठभेड़ में मार गिराया था। उस समय अटकलें लगाई जा रही थीं कि शाइस्ता अपने बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकती हैं। पुलिस भी संभावित मौजूदगी को लेकर सतर्क थी, लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दीं। इसके बाद अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के बाद हुए जनाजे में भी शाइस्ता शामिल नहीं हुईं।

अबान की मौत के बाद फिर बढ़ी चर्चा

अब परिवार के एक और बेटे अबान की मौत के बाद शाइस्ता परवीन को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि, पुलिस के पास अब भी उनके ठिकाने से जुड़ी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। पिछले करीब तीन वर्षों में उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों में उनकी तलाश में कई बार छापेमारी की गई। इस अभियान में एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की भी मदद ली गई, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली।

शाइस्ता परवीन की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को उत्तर प्रदेश पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा कर रखी है।

आइशा नूरी और जैनब भी हैं फरार

शाइस्ता परवीन के अलावा अतीक अहमद की बहन आइशा नूरी और भाई अशरफ की पत्नी जैनब भी फरार हैं। तीनों पर उमेश पाल हत्याकांड की साजिश रचने और आरोपियों की मदद करने के आरोप हैं। आइशा नूरी और जैनब पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। समय-समय पर इनके नेपाल या दुबई में छिपे होने की अटकलें सामने आईं, लेकिन पुलिस या सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।

क्या है उमेश पाल हत्याकांड?

24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र में अधिवक्ता उमेश पाल की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। हमले में उनकी सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों की भी जान चली गई थी। घटना के सीसीटीवी फुटेज में कई हमलावर दिखाई दिए थे। जांच में अतीक अहमद, अशरफ, असद समेत कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया गया। इस मामले के बाद से शाइस्ता परवीन फरार हैं और उनकी तलाश अब भी जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply