
बिसवां थाना क्षेत्र में लहरपुर रोड स्थित एक भट्ठे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब नट बिरादरी के डेरों में एक घिनौनी वारदात सामने आई। यहां आसपास टेंट लगाकर रह रहे नट परिवारों के बीच एक युवक ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। शराब के नशे में धुत इस युवक ने पड़ोस के टेंट में रहने वाली एक युवती को अपना निशाना बनाने का प्रयास किया।
रात के अंधेरे में आरोपी युवक चुपके से युवती के टेंट में दाखिल हुआ और उसके साथ बदसलूकी करने लगा। जब युवती ने अपनी अस्मत बचाने के लिए शोर मचाया और विरोध किया, तो हैवान बने युवक ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा होते, आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही बिसवां पुलिस बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल और सहमी हुई युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के भाई और भतीजे को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



