
Maharashtra Politics: शिवसेना स्थापना दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे गुट पर तीखा हमला बोला. ‘कुत्ते भौंकते रहते हैं, लेकिन बाघ शिकार करता है’ वाले बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. UBT के सांसदों की बगावत, महायुति गठबंधन की मजबूती, बालासाहेब ठाकरे, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को लेकर दिए गए शिंदे के बड़े बयान की पूरी जानकारी पढ़ें.
पश्चिम बंगाल में TMC की टूट के बाद महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना(UBT) की टूट की खबरें सामने आई. शिवसेना(UBT) के 9 में से 6 सांसद बागी हो गए हैं और उन्होंने लोकसभा स्पीकर को पत्र सौंप कर अलग ग्रुप के मान्यता की मांग की है. कहा जा रहा है कि जल्द ही ये सारे सांसद शिवसेना भी जॉइन कर सकते हैं. इन्हीं चर्चाओं के बीच अब राज्य में जुबानी जंग भी तेज हो गई है. शिवसेना के स्थापना दिवस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे और उनके गुट पर करारा हमला बोला है. उन्होंने साफ कहा है कि महायुति गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और आलोचकों पर तंज कसते हुए कहा कि, ‘कुत्ते भौंकते रहते हैं, लेकिन बाघ शिकार करता है.’ एकनाथ शिंदे के इस बयान को सीधे तौर पर उद्धव गुट के लिए संदेश माना जा रहा है. विस्तार से जानिए पूरी बात.
‘महायुति गठबंधन पूरी तरह अटूट’
शिवसेना के स्थापना दिवस पर मंच से एकनाथ शिंदे ने कहा कि कुछ लोग लगातार मेरे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच गलतफहमियां पैदा करने में जुटे हुए हैं. लेकिन मैं बता दूं कि महायुति गठबंधन पूरी तरह अटूट है और इसे तोड़ने की कोई भी चाल सफल नहीं होने वाली है. शिंदे ने कहा कि विपक्ष के लोग बार-बार अफवाहें फैलाता है लेकिन जिन लोगों के जरिए वे ये करवाते हैं, वहीं बाद में आकर सारी बातें बता देते हैं. डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि महाराष्ट्र सरकार पूरी रफ्तार से काम कर रही है और हमारा फोकस सिर्फ विकास कार्यों पर ही है. ऐसे में इन राजनीतिक अफवाहों का सरकार के कामकाज पर रत्ती भर भी असर नहीं पड़ने वाला है.
असली तस्वीर अभी बाकी है’
शिंदे यहीं नहीं रुके. उन्होंने अपने भाषण के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए साफ कहा कि, अब तक जो कुछ भी दिखा है, वह सिर्फ ट्रेलर है, असली तस्वीर अभी बाकी है. उन्होंने आगे कहा कि विरोधी दल बार-बार सरकार को घेरने की कोशिश करती है, लेकिन जनता सब कुछ साफ देख रही है और उसका हिसाब भी करेगी. शिंदे ने भरोसा दिलाया की राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेगी. खासतौर पर लाडकी बहिन योजना(लाडली बहिन योजना) का जिक्र करते हुए कहा कि इसे बंद करने की कोई भी संभावना नहीं है और जनता के हितों के लिए मजबूती से काम किया जा रहा है.



