CrimeIndiaTrending

चाकू दिखाया, महिला को डराया; बच्ची की सूझबूझ से लूट नाकाम, डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे बदमाश, एक की मौत.

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में फूड डिलीवरी एजेंट की ड्रेस पहनकर घर में घुसकर लूट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र की मॉडर्न मिल सोसाइटी में मंगलवार शाम दो युवक बाइक से पहुंचे और पार्सल देने के बहाने एक घर का दरवाजा खुलवाया. आरोप है कि घर में घुसे युवक ने 61 वर्षीय महिला को चाकू दिखाकर उनकी चेन छीनने की कोशिश की. इसी दौरान घर में मौजूद बच्ची ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुला लिया. एक आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ लिया. बाद में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.

पार्सल देने के बहाने पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे की है. बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के एमबीए कॉलेज रोड स्थित मॉडर्न मिल सोसाइटी में दो युवक बाइक से पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि दोनों ने फूड डिलीवरी एजेंट जैसी टी-शर्ट पहन रखी थी. उन्होंने पार्सल देने का हवाला देकर घर का दरवाजा खुलवाया. दरवाजा खुलते ही 28 वर्षीय सुमित राजेंद्र गजभिये कथित तौर पर घर के अंदर दाखिल हो गया, जबकि उसका साथी दीपक पाटील बाहर निगरानी करता रहा.

महिला को चाकू दिखाकर चेन छीनने का आरोप

NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक घर के अंदर पहुंचने के बाद सुमित ने 61 वर्षीय उषा देवीदास धार्मिक के गले पर चाकू रखकर उनकी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया. घटना के समय घर में एक बच्ची भी मौजूद थी. बच्ची को जब पूरी घटना का आभास हुआ तो उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दे दी.

पड़ोसियों के पहुंचते ही बदला घटनाक्रम

बच्ची की सूचना पर पड़ोसी तुरंत महिला के घर की ओर दौड़े. लोगों को अपनी तरफ आता देख घर के बाहर खड़ा दीपक पाटील मौके से फरार हो गया. वहीं घर के अंदर मौजूद सुमित राजेंद्र गजभिये को लोगों ने पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी के साथ मारपीट भी हुई. इस दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

जांच में मिले Zomato और Swiggy के कपड़े

पुलिस जांच के दौरान सुमित के पास से जोमैटो की दो तथा स्विगी की दो टी-शर्ट मिलने की जानकारी सामने आई है. जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इन कपड़ों का इस्तेमाल केवल पहचान छिपाने और लोगों का विश्वास जीतने के लिए किया गया था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है.

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

सूचना मिलने पर बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. हालांकि पुलिस के मुताबिक अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुमित की मौत हो गई. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लोगों द्वारा की गई पिटाई के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई थी. फिलहाल मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

रेकी और योजना की भी जांच

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पहले से महिला के घर की रेकी कर चुके थे या नहीं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने इस घर को ही निशाना क्यों बनाया और वारदात की योजना कैसे तैयार की गई.

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुमित राजेंद्र गजभिये के खिलाफ वर्ष 2017 में चोरी का एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. जांच टीम उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, संपर्कों और वर्तमान गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है.

फरार साथी की तलाश जारी

फिलहाल बेलतरोड़ी पुलिस फरार आरोपी दीपक पाटील की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, बरामद टी-शर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply