IndiaTrending

जगदीप धनखड़ को SIR वाला नोटिस, लाल कृष्ण आडवाणी समेत भाजपा के कई दिग्गजों को भी..?

जगदीप धनखड़ को SIR वाला नोटिस, लाल कृष्ण आडवाणी समेत भाजपा के कई दिग्गजों को भी..?

दिल्ली में जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के बीच पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को चुनाव आयोग से मिले नोटिस पर खूब हल्ला मचा। आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। लेकिन अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को ही यह नोटिस नहीं मिला है, बल्कि 33 लाख लोगों की इस लंबी लिस्ट में कई और बड़े दिग्गज शामिल हैं, जो देश के उपराष्ट्रपति-उपप्रधानमंत्री तक रहे हैं। भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को भी नोटिस मिला है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, विधायक कैलाश गहलोत भी इनमें शामिल हैं।

इतना ही नहीं, देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मौजूदा विदेश मंत्री एस जयशंकर और चुनाव आयुक्त एसएस संधू उन हस्तियों में शामिल हैं, जिन्हें नोटिस भेजा गया है। इनकी कुल 33.13 लाख है। इनमें से अधिकांश नोटिस उन मामलों में जारी किए गए हैं, जहां वोटर्स का ब्योरा 2002 एसआईआर के रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा है। रविवार देर शाम जारी एक बयान में नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय ने कहा कि चुनाव आयुक्त एसएस संधू के ब्योरे का वेरिफिकेशन हो चुका है। उनके द्वारा जमा कराए गए दस्तावेजों की जांच के बाद उनका नाम फाइनल ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल किया जाएगा।

आडवानी और उनकी बेटी को क्यों नोटिस

दिल्ली सीईओ दफ्तर ने स्पष्ट किया कि नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि मतदाता सूची से संबंधित व्यक्ति का नाम हटा दिया जाएगा। आडवाणी (98), उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका को वर्ष 2002 की एसआईआर मतदाता सूची से उनके नाम का मिलान न हो पाने के बाद नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि उनके बेटे जयंत ने मिलान प्रक्रिया पूरी कर ली थी। ये चारों नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।

जयशंकर और उनकी पत्नी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके के मतदाता हैं, उन्हें भी नोटिस मिले हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को भी नोटिस दिए गए हैं। चुनाव आयुक्त एस एस संधू को उनके नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया है, जबकि उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में फर्क के कारण नोटिस दिया गया है। वे दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।

कपिल सिब्बल के नाम भी नोटिस

राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल और उनकी पत्नी को भी ‘पिछले एसआईआर से मेल नहीं खाया; श्रेणी में नोटिस जारी किया गया है। सिब्बल ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा।

ऑटोमैटिक जारी हो रहे हैं नोटिस

हालांकि, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने कहा कि मतदाता विवरण में विसंगतियां पाए जाने पर उन्हें सुधारने के लिए सिस्टम ऑटोमैटिक नोटिस जारी कर रहा है। नोटिस पाने वाले मतदाताओं की सूची दिल्ली सीईओ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

और किन हस्तियों को नोटिस

अधिकारियों के अनुसार, नोटिस पाने वाले या जल्द नोटिस पाने वाले प्रमुख लोगों में विदेश सचिव विक्रम मिस्री, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जेएनयू के पूर्व कुलपति एम. जगदीश कुमार, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व नीति आयोग उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे, पूर्व सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी और सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद शामिल हैं। नोटिस पाने वाले अधिकांश प्रमुख मतदाता नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply