इंदौर रक्षाबंधन के दिन जेल में बंद भाई को राखी न बांध पाने को लेकर दिए गए ताने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला ने अपनी नवविवाहिता देवरानी की हत्या कर दी। आरोप है कि जेठानी ने चाकू से गर्दन और पेट पर वार कर देवरानी को मौत के घाट उतार दिया और शव को घर के पीछे बने हौज में डालकर ढक्कन बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।

25 दिन पहले हुई थी लव मैरिज
मामला इंदौर जिले के राऊ थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय वंदना पटेल के रूप में हुई है। वंदना ने करीब 25 दिन पहले, 11 अगस्त को उपेंद्र पटेल से प्रेम विवाह किया था और इसके बाद ससुराल आई थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी जेठानी पार्वती को गिरफ्तार किया है।
राखी को लेकर शुरू हुआ विवाद
राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि पार्वती का भाई दुष्कर्म के आरोप में दमोह जेल में बंद है। रक्षाबंधन पर पार्वती मायके नहीं गई थी। इस दौरान वंदना ने उससे इसके बारे में पूछा। पुलिस के अनुसार, वंदना को उसके भाई के जेल में होने की जानकारी थी और उसने इसी बात को लेकर पार्वती को कथित तौर पर ताना दिया।
बात बढ़ने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि वंदना ने पार्वती को घर से निकलवाने की धमकी तक दे दी। पुलिस के मुताबिक, यह बात पार्वती को इतनी नागवार गुजरी कि उसने वंदना की हत्या करने का फैसला कर लिया।
पहले गर्दन, फिर पेट में चाकू मारा
पुलिस के अनुसार, वंदना का ध्यान दूसरी ओर था, तभी पार्वती ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसने पहले वंदना की गर्दन पर वार किया। नीचे गिरने के बाद उसके पेट में भी चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल वंदना बेसुध हो गई।
इसके बाद पार्वती ने कथित तौर पर वंदना के शव को घसीटकर घर के पीछे बने हौज में डाल दिया और ऊपर से ढक्कन लगा दिया। वारदात के बाद वह अस्पताल चली गई।
मोबाइल बंद हुआ तो पति को हुआ शक
वंदना का मोबाइल बंद आने पर उसके पति उपेंद्र को शक हुआ। वह तुरंत घर पहुंचा और तलाश के दौरान हौज से वंदना को बाहर निकाला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने जांच के दौरान चाकू पर मिले फिंगरप्रिंट और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में पार्वती ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सबूत सामने आने के बाद वह टूट गई और पुलिस के अनुसार उसने वारदात की बात कबूल कर ली। आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



