Sitaphal Rabdi Recipe: फिटनेस फ्रीक लोग अक्सर अपनी डाइट से मीठे को हटा देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप घर पर ही लो कैलोरी डेजर्ट बना सकते हैं, जो स्वाद भी देगी और आपको गिल्ट भी नहीं होगा. इस डेजर्ट को सीताफल से बनाना है, जिसे कई जगह शरीफा भी कहा जाता है. सीताफल से बनी हेल्दी रबड़ी पोषण से भी भरपूर है और स्वाद में भी लाजवाब होगी.

खास बात यह है कि सीताफल की यह रबड़ी गर्मियों में ठंडक का एहसास देने के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करती है. अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं लेकिन फिटनेस का भी ध्यान रखते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकती है. चलिए जानते हैं इसकी रेसिपी.
पोषक तत्वों से भरपूर सीताफल
सीताफल, जिसे शरीफा और कस्टर्ड एप्पल भी कहा जाता है. अपने पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है. इस फल में विटामिन C, विटामिन A, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं. इस फल के साथ आप बादाम, अखरोट, पिस्ता और लोफैट दूध के साथ मिलाकर एक हेल्दी डेजर्ट बना सकते हैं. जो लो कैलोरी और स्वाद में जबरदस्त होता है. साथ ही ये पाचन को बेहतर बनाने के साथ ही फिटनेस फ्रीक लोगों के लिए हेल्दी ऑप्शन बनाता है. चलिए जानते हैं इसे कैसे बनाएं,
सामान्य रबड़ी और हेल्दी रबड़ी में अंतर
पारंपरिक सीताफल रबड़ी में फुलफैट दूध, कंडेंस्ड मिल्क, चीनी और ज्यादा मात्रा में मलाई का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसमें कैलोरी और फैट की मात्रा बढ़ जाती है. वहीं, हेल्दी सीताफल रबड़ी में लोफैट दूध, सीताफल की प्राकृतिक मिठास और पोषक तत्वों से भरपूर मेवों का उपयोग किया जाता है. इससे रबड़ी का स्वाद और क्रीमी टेक्सचर बरकरार रहता है, लेकिन यह ज्यादा पौष्टिक और हल्की बन जाती है.
सामग्री
2 कप लोफैट दूध
1 कप सीताफल का गूदा
1 बड़ा चम्मच कटे हुए बादाम
1 बड़ा चम्मच कटे हुए पिस्ता
1 बड़ा चम्मच कटे हुए अखरोट
1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 बड़ा चम्मच कटे हुए खजूर
1 बड़ा चम्मच भुना और कुटा हुआ मखाना
बनाने की विधि
एक पैन में दूध गर्म करें और उसे हल्का गाढ़ा होने तक धीमी आंच पर पकाएं. दूध को पूरी तरह ठंडा होने दें. अब ठंडे दूध में सीताफल का गूदा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद इसमें इलायची पाउडर और सभी कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें. चाहें तो इसमें खजूर और कुटा हुआ मखाना भी मिला सकते हैं. रबड़ी को कम से कम एक घंटे के लिए फ्रिज में रखें. ठंडी होने पर ऊपर से कुछ ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें.



