
सीतापुर, अमृत विचार। पैन कार्ड बनवाने का झांसा देकर ग्रामीणों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक डेटा का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मिश्रिख थाना क्षेत्र के खुर्शीदाबाद गांव में सक्रिय इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षणी दुर्गेश कुमार सिंह के मुताबिक, हरदोई जनपद के शातिर गांव में पैन कार्ड बनाने के नाम पर लोगों से आधार कार्ड लेकर बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा रहे थे। जांच में सामने आया कि करीब 65 से 70 ग्रामीणों की जानकारी और सहमति के बिना उनके नाम पर सिम कार्ड जारी कराए गए और बैंक खाते खोले गए।
उन्होंने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब एक ग्रामीण को नया सिम लेने के दौरान पता चला कि उसके आधार नंबर पर पहले से एक सिम सक्रिय है। इसके बाद ग्रामीणों ने शक होने पर आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
एएसपी के मुताबिक, पुलिस ने हरदोई जनपद के करन कुमार, अभिषेक और हरिश्चंद्र को गिरफ्तार किया है। शातिरों के पास से चार मोबाइल फोन, बायोमेट्रिक फिंगर प्रिंट मशीन, रजिस्टर, पैन कार्ड रसीदें और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। मामले में आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ः


