
सीतापुर। नैमिषारण्य से दर्शन कर वाराणसी लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार को कल्ली रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी जनपद के दालमंडी निवासी श्रद्धालु नैमिषारण्य से दर्शनपूजन कर कार से वापस बनारस जा रहे थे। बताते हैं इसी दौरान कल्ली रोड पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार यश पुत्र राजीव तथा आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में राजीव की पत्नी नंदनी और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने से दुर्घटना होना माना जा रहा है।
ः



