मौसम में बदलाव के साथ ही कई हेल्थ चेंजिंस भी होते हैं. इस बीच शरीर के कई हिस्सों में दर्द भी बढ़ जाता है. इस दौरान कुछ लोगों को जोड़ों में दर्द, घुटनों में अकड़न, मांसपेशियों में खिंचाव और पुराने दर्द की परेशानी बढ़ने लगती है. खासतौर पर पहले से हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्या से जूझ रहे लोगों को मौसम बदलने पर ज्यादा दिक्कत महसूस हो सकती है. मौसम और दर्द के बीच संबंध को लेकर अलगअलग अध्ययन हुए हैं और इसका असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता.

लेकिन सवाल है कि मौसम बदलने पर जोड़ों और कमर का दर्द क्यों बढ़ जाता है. आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे बचा जा सकता है.
सर्दियों में जोड़ों का दर्द क्यों बढ़ता है?
हवा का दबाव: डॉ. नीलाभ का कहना है कि सर्दियों में बाहर का दबाव कम हो जाता है, लेकिन हड्डियों के अंदर का अपना दबाव उतना ही रहता है. इस अंतर की वजह से जोड़ों के अंदर के कैप्सूल और लिगामेंट फैल जाते हैं, जिससे वहां तरल पदार्थ जमा हो जाता है और जकड़न आ जाती है.
खून का बहाव: ठंड से बचने के लिए हमारा शरीर जरूरी अंगों की तरफ खून का बहाव बढ़ा देता है. इस वजह से हाथों, पैरों और मांसपेशियों की तरफ खून का बहाव कम हो जाता है, जिससे वे सख्त होने लगती हैं.
ज्वाइंट्स के लिक्विड का गाढ़ा होना: जोड़ों के अंदर मौजूद तरल पदार्थ ठंड और दबाव के कारण गाढ़ा हो जाता है. इसके गाढ़े होने से जोड़ों को हिलाना मुश्किल हो जाता है और दर्द महसूस होता है.
मांसपेशियों में खिंचाव: ठंड के कारण जोड़ों को सुरक्षित रखने वाली मांसपेशियां सिकुड़ और सख्त हो जाती हैं, जिससे दर्द और जकड़न बढ़ जाती है.
फिजिकली एक्टिव न रहना: ठंड या दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण के कारण लोग घर से बाहर कम निकलते हैं. कम चलनेफिरने से शरीर के उस हिस्से में खून का बहाव कम हो जाता है और दर्द बढ़ाने वाले केमिकल जमा होने लगते हैं.
विटामिन डी की कमी: धूप में कम निकलने की वजह से शरीर में विटामिन डी का स्तर कम हो जाता है. विटामिन डी और कैल्शियम की कमी से यह दर्द काफी बढ़ जाता है.
सर्दियों में जोड़ों के दर्द से बचने के उपाय
सही तरीके से सिंकाई करें दर्द वाले जोड़ों को गर्म रखें, जिसके लिए आप हीटिंग पैड या गर्म पानी की बोतल का इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रहे, यह केवल हल्का गर्म होना चाहिए, बहुत तेज गर्म नहीं. एक बार में 15 से 20 मिनट से ज्यादा सिंकाई न करें और दोबारा सिंकाई करने के बीच 3 से 4 घंटे का गैप जरूर दें.
गर्म कपड़े पहनें अपने शरीर को हमेशा ढक कर रखें. स्वेटर, जैकेट, सिर पर टोपी, हाथों में दस्ताने और पैरों में मोजे पहनें. अगर घुटनों में दर्द है, तो वहां ऊनी कपड़ा या नीवार्मर पहनें.
एक्टिव रहें जोड़ों की जकड़न दूर करने के लिए एक्टिव रहना बहुत जरूरी है. कमर या घुटने की हल्की एक्सरसाइज करें. अगर बाहर नहीं जा सकते, तो कमरे के अंदर ही चलेंफिरें, या फिर एक्सरसाइज वाली साइकिल और ट्रेडमिल का इस्तेमाल करें.
खूब पानी पिएं सर्दियों में हम पानी कम पीते हैं, जिससे खून गाढ़ा हो जाता है और जोड़ों में जकड़न आती है. खुद को हाइड्रेटेड रखने और पर्याप्त पानी पीने से जोड़ आसानी से काम करते रहते हैं.



