
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। पार्टी ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशी उतारे हैं।
किसे कहां से मिला टिकट?
सपा ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में इन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है—
- मिर्जापुरवाराणसी शिक्षक खंड: लाल बिहारी यादव
- लखनऊ शिक्षक खंड: सुशील कुमार
- आगरा शिक्षक खंड: प्रकाशचन्द्र गुप्ता
- गोरखपुरफैजाबाद शिक्षक खंड: कमलेश यादव
- मुरादाबादबरेली शिक्षक खंड: दानिश अख्तर
- मेरठ शिक्षक खंड: नितिन तोमर
वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी ने इन नामों की घोषणा की है—
- वाराणसी स्नातक खंड: आशुतोष सिन्हा
- झांसी स्नातक खंड: डॉ. मान सिंह
- आगरा स्नातक खंड: शशांक यादव
- मेरठ स्नातक खंड: परमिन्दर भाटी
- लखनऊ स्नातक खंड: कांति सिंह
सरकार बनी तो पुरानी पेंशन लागू करने का वादा
उम्मीदवारों की घोषणा के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इसे अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करेगी।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी नेताजी के समय से शिक्षकों के लिए काम करती रही है।
राज्यसभा चुनाव में भी पीडीए पर नजर
विधान परिषद चुनाव के साथ ही राज्यसभा चुनाव को लेकर भी सपा की रणनीति चर्चा में है। पार्टी तीन उम्मीदवार उतार सकती है। तीसरे प्रत्याशी के तौर पर किसी अति पिछड़े या दलित चेहरे को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विधायकों की संख्या के आधार पर सपा दो उम्मीदवारों को आसानी से राज्यसभा भेज सकती है। इसके बाद पार्टी के पास 25 वोट बचने की बात कही गई है। सपा की नजर विपक्ष से बाहर के विधायकों और एनडीए के संभावित असंतुष्ट विधायकों पर भी है।
ः



