इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट की वजह से सोमवार को शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स करीब 483 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ. वहीं निफ्टी में 150 से ज्यादा अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली. जिसकी वजह से शेयर बाजार निवेशकों को 4.23 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का फायदा हुआ. जानकारों की मानें तो सोमवार को कच्चे तेल के दाम में करीब 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है. जिसकी वजह से शेयर बाजार को राहत मिली है. वैसे इस हफ्ते फेड रिजर्व की मीटिंग है. जिसमें एक और रेट बढ़ोतरी की उम्मीद लगाई जा रही है. जिसकी वजह से शेयर बाजार को नुकसान उठाना पड़ सकता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं.

शेयर बाजार में आई तेजी
पिछले हफ्ते शेयर बाजार में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली. वो भी तब जब शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में जियो आईपीओ को जबरदस्त रिस्पांस मिला था. इसी जियो के कारण विदेशी निवेश में बढ़ोतरी हुई थी. ऐसे में सोमवार को किसी को शेयर बाजार से ज्यादा उम्मीद नहीं थी. उसके बाद भी उतार चढ़ाव भरे रहे बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों तेजी के साथ बंद हुए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 483 अंकों की तेजी के साथ 73,606.75 अंकों पर बंद हुआ. वहीं कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 73,606.75 अंकों के साथ दिन के हाई पर पहुंचा था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 153.20 अंकों की तेजी के साथ 22,753.20 अंकों पर बंद हुआ. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 22,753.20 अंकों के साथ दिन हाई पर पहुंच गया था.
किन शेयरों में आई तेजी?
अडानी पोर्ट्स, एटरनल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में लगभग 3% की तेजी आई, जबकि ट्रेंट, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, इंडिगो, आईटीसी, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2% तक की बढ़त दर्ज की गई. इसके विपरीत, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में लगभग 1% की गिरावट आई. शुक्रवार को आई भारी गिरावट के बाद ब्रॉडर मार्केट्स ने भी राहत की सांस ली. निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांकों में 1% से अधिक की तेजी आई. हालांकि, बाजार की अस्थिरता को दर्शाने वाला इंडिया VIX लगभग 2% बढ़कर 17.14 पर पहुंच गया.
निवेशकों को हुआ फायदा
शेयर बाजार में आई तेजी के कारण निवेशकों को भी काफी फायदा हुआ. आंकड़ों को देखें तो बीएसई का मार्केट कैप शुक्रवार को 4,51,83,393.14 करोड़ रुपए था. सोमवार को जब शेयर बाजार बंद हुआ तो बीएसई का मार्केट कैप 4,56,06,761.20 करोड़ रुपए पर आ गया. इसका मतलब है कि बीएसई के मार्केट कैप में 4,23,368.06 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है. यहीं निवेशकों का फायदा है.
दलाल स्ट्रीट के लिए आगे क्या है?
पिछले हफ्ते आई भारी गिरावट के बाद आज की तेजी ने दलाल स्ट्रीट के निवेशकों को कुछ राहत तो दी है, लेकिन विश्लेषकों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि ब्रेंट क्रूड की कीमत में थोड़ी कमी आकर यह 115 डॉलर से नीचे आ गई है, लेकिन फिर भी यह काफी ज्यादा है. इस वजह से, निफ्टी के 22,600 के निचले स्तर से किसी भी बड़ी तेजी की गुंजाइश सीमित रहेगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि निवेशकों को निकट भविष्य में इंडेक्स के स्तरों को लेकर परेशान नहीं होना चाहिए. उनका ध्यान उन अच्छे शेयरों पर होना चाहिए जो इस गिरावट के बाद सस्ते हुए हैं, साथ ही उन्हें कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के व्यापक आर्थिक प्रभावों को लेकर भी सतर्क रहना चाहिए.


