Hapur Theft News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के दिल्ली रोड स्थित बालाजी मंदिर से चोरी की अनोखी वारदात सामने आई है, जहां ऑनलाइन फूड कंपनी का डिलीवरी बॉय बनकर पहुंचे युवक ने कुछ ही सेकेंड में मंदिर के गेट पर लगे प्याऊ से टोटी गायब कर दी. इसके बाद वह तुरंत मौके से फरार हो गया. आरोपी ने बहुत ही शातिर तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, वह इस बात से बेखबर था कि यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है.

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए डिलीवरी बॉय ने मंदिर के सामने अपनी गाड़ी रोकी और फिर यहांवहां देखकर एक टोटी गायब कर दी. इसके बाद भी वह नहीं रुका और कुछ दूर जाने के बाद वह दोबारा अपनी बाइक यूटर्न कर मंदिर के सामने पहुंचा. उसने एक और टोटी खोली और उसे भी अपने बैग में रख लिया. हैरान की बात यह है कि उसने तीसरी टोटी को हाथ भी नहीं लगाया. चोरी की यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
CCTV में कैद हुई टोटी चोरी
आरोपी ने कुछ ही सेकंड में दोनों टोटी गायब कर दी. कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही वह फरार होने में भी सफल हो गया. टोटी निकलते ही हजारों लीटर पानी नाले में बह गया. चोरी का CCTV वीडियो सामने आने के बाद मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है. धार्मिक स्थलों से चोरी पर उन्होंने चिंता व्यक्त की है. मंदिर प्रबंधन ने चोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
आरोपी की तलाश में पुलिस
घटना की जानकारी देते हुए नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलगअलग इलाकों के लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है. चौहान का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



