Silver and Gold Price: बुधवार को शुरुआती कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। हफ्ते के तीसरे दिन, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना और चांदी बढ़त लेकर हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। सुबह 10.15 बजे के आसपास 5 जून की डिलीवरी वाला सोना 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,51,864 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा था। जबकि, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें 2.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,50,996 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज बढ़त
बुधवार को 5 जून की डिलीवरी वाला सोना तेजी के साथ 1,52,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला, जो मंगलवार को 1,49,753 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर बंद हुआ था। आज कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,52,182 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 1,51,653 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच चुका है। वहीं दूसरी तरफ, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें आज जोरदार बढ़ोतरी के साथ 2,49,316 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर खुली, जो मंगलवार को 2,44,316 रुपये के भाव पर बंद हुई थी। आज कारोबार के दौरान, चांदी का भाव 2,52,000 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 2,49,316 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच चुका था।
मंगलवार को सर्राफा बाजार में कैसा रहा सोनेचांदी का प्रदर्शन
बताते चलें कि मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने के भाव में जहां मामूली गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं दूसरी ओर, चांदी के दाम तेजी के साथ बंद हुए। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 1500 रुपये की बढ़त के साथ 2,51,000 रुपये प्रति 1 किलोग्राम पर पहुंच गई थी। चांदी के अलावा, दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव में 300 रुपये की मामूली गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद ये 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।



