IndiaUttar Pradesh

​यूपी NDA में सीटों पर संग्राम! संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर आमने-सामने

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले NDA के भीतर सीटों को लेकर खींचतान तेज होती नजर आ रही है. बीजेपी के दो सहयोगी दलों निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच सीटों की दावेदारी को लेकर बयानबाजी जारी है. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने आजमगढ़ की चार विधानसभा सीटों पर दावा ठोका है. इनमें अतरौलिया सीट भी शामिल है. वहीं, सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी अतरौलिया सीट पर अपनी दावेदारी जता रहे हैं. ऐसे में इस सीट को लेकर NDA के दो सहयोगी दल आमनेसामने आ गए हैं.

​यूपी NDA में सीटों पर संग्राम! संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर आमने-सामने

इसी सियासी खींचतान के बीच ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. इस मुलाकात को दोनों सहयोगी दलों के बीच बढ़ती तल्खी और सीटों को लेकर जारी बयानबाजी को जोड़कर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि बातचीत के दौरान संजय निषाद के बयानों और सीटों की दावेदारी से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई होगी. राजभर ने मुख्यमंत्री को दिल्ली में प्रस्तावित अपने कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता भी दिया.

राजभर बोले सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं, BJP नेतृत्व करेगा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद ओम प्रकाश राजभर ने सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का फैसला संजय निषाद नहीं करेंगे, बल्कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व करेगा. राजभर के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सीटों के बंटवारे पर फैसला लेंगे.

राजभर ने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा बीजेपी नेतृत्व करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि जातीय समीकरणों की जानकारी के बिना किसी को बयानबाजी नहीं करनी चाहिए. उनके मुताबिक, किसी सीट पर दावेदारी करने से पहले यह जानना जरूरी है कि वहां किस जाति के कितने मतदाता हैं और उनकी संख्या कितनी है.

अतरौलिया सीट पर दो सहयोगियों की दावेदारी

आजमगढ़ की अतरौलिया सीट को लेकर निषाद पार्टी और सुभासपा के बीच दावेदारी ने इस विवाद को और अहम बना दिया है. संजय निषाद ने आजमगढ़ की चार सीटों पर अपनी पार्टी का दावा पेश किया है. इनमें अतरौलिया भी शामिल है. दूसरी ओर ओम प्रकाश राजभर भी इस सीट पर अपनी पार्टी की दावेदारी कर रहे हैं. इस तरह एक ही सीट पर NDA के दो सहयोगी दलों के दावे सामने आ गए हैं.

6 दिसंबर को आजमगढ़ में सुभासपा की महारैली

ओम प्रकाश राजभर ने अपने राजनीतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर को आजमगढ़ के ITI मैदान में सुभासपा की सामाजिक समरसता महारैली आयोजित की जाएगी. इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं को शामिल होना है. राजभर ने मुख्यमंत्री को भी इस कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया है. रैली की तैयारी के लिए सुभासपा आजमगढ़ जिले के सभी 22 ब्लॉकों में जनसंपर्क अभियान चला रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply