Satya Report: Arijit Singh Birthday: बॉलीवुड के फेमस प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह आज 25 अप्रैल को अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनकी सफलता की कहानी काफी लंबी और मेहनत भरी रही है। अब वह भले ही इंडस्ट्री के नंबर 1 गायक में से एक हो, लेकिन उन्होंने 18 साल की उम्र से ही कड़ी मेहनत करना शुरू कर दिया था। साल 2005 में उन्होंने सबसे पहले रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ में हिस्सा लिया था।

इस शो में उन्हें लोगों से काफी सराहना मिली, लेकिन वह यह शो जीत नहीं पाए और छठे स्थान पर रहे। ‘फेम गुरुकुल’ शो के विजेता काजी तौकीर और रूपरेखा बनर्जी ने यह शो जीता। वहीं, इस शो के जज जावेद अख्तर, शंकर महादेवन और केके थे। इसके बावजूद, अरिजीत ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर बॉलीवुड के सबसे सफल गायकों में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:
मुर्शिदाबाद में हुआ अरिजीत सिंह का जन्म
अरिजीत सिंह 25 अप्रैल को 39 साल के हो गए हैं। उनका जन्म 25 अप्रैल, 1987 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुआ था। उनके पिता कक्कड़ सिंह एक सिख थे, जबकि मां अदीति बंगाली थीं। उनका बचपन से ही गायिका में मन लगा रहता था। ऐसे में उन्होंने बहुत छोटी सी उम्र में ही संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी।
उन्हें गायिकी विरासत में मिली थी, क्योंकि उनकी मां भी एक सिंगर ही थीं। वही, उनके मामाजी तबलावादक थे। अरिजीत ने बचपन में ही ये तय कर लिया था कि वो संगीत की दुनिया में ही अपना करियर बनाएंगे। लेकिन, उनके लिए बॉलीवुड में एंट्री करना कोई आसान बात नहीं रही थी।
अरिजीत का पहला गाना नहीं हुआ था रिलीज
‘फेम गुरुकुल’ के बाद अरिजीत एक और रियलिटी शो ’10 के 10 ले गए दिल’ में नजर आए। यह शो फेम गुरुकुल और इंडियन आइडल के कंटेस्टेंट्स के बीच एक म्यूज़िकल मुकाबला था। उन्होंने यह शो जीता और 10 लाख रुपये की प्राइज मनी से अपना खुद का स्टूडियो शुरू किया।
हालांकि, इसके बाद भी उन्हें एक सिंगर के तौर पर आसानी से स्टारडम नहीं मिला। फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की नजर उन पर पड़ी और उन्हें ‘सांवरिया’ फिल्म का गाना ‘यूं शबनमी’ गाने का मौका मिला। यह रणबीर कपूर और सोनम कपूर की डेब्यू फिल्म थी। बदकिस्मती से गाने का उनका वर्जन कभी रिलीज नहीं हो पाया। इसके बाद रमेश तौरानी ने उन्हें एक म्यूजिक एल्बम के लिए साइन किया, जो भी रिलीज नहीं हो पाया।
‘आशिकी 2’ ने बनाया स्टार
इसके बाद 2006 में अरिजीत मुंबई चले गए, जहां उन्होंने संगीत के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की और फिल्म ‘मर्डर 2’ का उनका गाना ‘फिर मोहब्बत’ काफी सराहा गया। इसके बाद 2013 में फिल्म ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ से उन्हें जबरदस्त शोहरत मिली।
उन्हें अपने गानों ‘फिर भी तुमको चाहूंगा’, ‘पछताओगे’, ‘पल’, ‘खैरियत’, ‘सोच ना सके’, ‘इलाही’ और ‘हमारी अधूरी कहानी’ के लिए काफी तारीफ मिली। इन गानों को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इन सालों में अरिजीत सिंह ने खुद को दिल को छू लेने वाले रोमांटिक गानों के गायक के तौर पर स्थापित किया। हालांकि, अब उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से सन्यास ले लिया है।
यह भी पढ़ें:



