TrendingUttar Pradesh

Student Protest : छात्र प्रदर्शन पर CM योगी का विपक्ष पर वार, बोले- ‘लोकतंत्र सवाल पूछने की आजादी देता है, जवाब सुनने का दायित्व भी’

Student Protest : छात्र प्रदर्शन पर CM योगी का विपक्ष पर वार, बोले- ‘लोकतंत्र सवाल पूछने की आजादी देता है, जवाब सुनने का दायित्व भी’

लखनऊ, अमृत विचार। विद्यार्थियों के विरोधप्रदर्शन और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लोकसभा में जवाब देने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सवाल पूछने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन जवाब सुनने का दायित्व भी तय करता है। योगी ने विपक्ष से तथ्यों का सामना करने और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

‘अमित शाह सदन में विस्तार से अपना पक्ष रखने के लिए तैयार’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह विद्यार्थियों से जुड़े विषय पर सदन में विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कांग्रेस और समूचे विपक्ष से अपेक्षा जताई कि वे तथ्यों का सामना करेंगे, सदन की गरिमा बनाए रखेंगे और गृह मंत्री का जवाब पूरा सुनेंगे।

योगी बोले बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं।” मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष विद्यार्थियों के विरोधप्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से सदन में जवाब की मांग कर रहा है।

केशव मौर्य ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने ‘एक्स’ पर आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले आरोप लगाती है और जब सरकार तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए तैयार होती है तो विपक्ष सदन से बाहर चला जाता है। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का आधार झूठ, शोर और भ्रम फैलाना है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता अब कांग्रेस की इस राजनीति को पहचान चुकी है।

अमित शाह देंगे विद्यार्थियों के मुद्दे पर जवाब

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को कहा था कि सरकार देशभर में विद्यार्थियों के विरोधप्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर लोकसभा में विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने बताया था कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस बहस का जवाब देंगे। रीजीजू ने विपक्ष से अपील की थी कि वह गृह मंत्री के जवाब को शांतिपूर्वक सुने।

विपक्ष कर रहा है गृह मंत्री के बयान की मांग

विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि गृह मंत्री पिछले महीने विरोधप्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सदन में बयान दें। इसी मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब सभी की नजर लोकसभा में अमित शाह के जवाब पर है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply