CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

रिश्ता ठुकराने की ऐसी सजा! युवक ने लड़की के घर पर Ola-Uber की गाड़ियां भेजनी शुरू कीं, फिर पहुंचा मामला पुलिस तक..

रिश्ता ठुकराने की ऐसी सजा! युवक ने लड़की के घर पर Ola-Uber की गाड़ियां भेजनी शुरू कीं, फिर पहुंचा मामला पुलिस तक..

मध्य प्रदेश की एक युवती ने उदयपुर निवासी युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि विवाह प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद युवक ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए सोशल मीडिया और एआई तकनीक का दुरुपयोग किया।

शिकायत के अनुसार, युवती की बहन ने विवाह के लिए एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर उसका प्रोफाइल बनाया था। इसी दौरान उदयपुर निवासी युवक से संपर्क हुआ और दोनों परिवारों की मौजूदगी में मुलाकात भी हुई। हालांकि युवक का व्यवहार पसंद नहीं आने पर परिवार ने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।

युवती का आरोप है कि इसके बाद युवक लगातार फोन और संदेश भेजकर उसे परेशान करने लगा। परिवार द्वारा उसका नंबर ब्लॉक किए जाने के बावजूद वह अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने का प्रयास करता रहा। आरोप है कि उसने फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवती की निजी जानकारी जुटाने की भी कोशिश की।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में आरोपी ने उसके घर के पते पर ओला, उबर और रैपिडो जैसी सेवाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में बुकिंग कर दीं। एक ही दिन में सैकड़ों टैक्सी और बाइक चालक उसके घर पहुंच गए, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसकी गोद भराई के फर्जी निमंत्रण कार्ड छपवाकर कॉलोनी में बंटवा दिए। कार्ड में मेहमानों को चांदी का सिक्का देने जैसी बातें लिखी गई थीं, ताकि अधिक लोग कार्यक्रम में पहुंचें।

मामले को और गंभीर बनाते हुए युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से उसकी फर्जी शादी और हनीमून की तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की छवि को नुकसान पहुंचा है।

मध्य प्रदेश महिला आयोग ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply