BiharCrimeIndiaTrending

चोरी के शक में युवक​​​​​ के साथ की गई ऐसी बर्बरता, हाथ-पैर बांधकर घंटों पीटा; ब्लाउज पहनाकर जेब में रखी चेन

चोरी के शक में युवक​​​​​ के साथ की गई ऐसी बर्बरता, हाथ-पैर बांधकर घंटों पीटा; ब्लाउज पहनाकर जेब में रखी चेन

मुई, बिहार: चोरी का आरोप लगाकर एक युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे कई घंटों तक पीटा गया। इतना ही नहीं, उसके कपड़े फाड़कर ब्लाउज पहनाया गया और जेब में चेन रख दी गई। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच रू कर दी है।

मामला जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के कर्रा गांव का है। पीड़ित की पहचान विकास कुमार दास के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज एक निजी क्लिनिक में चल रहा है।

दुकान की बिक्री को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पीड़ित की पत्नी शोभा देवी ने 20 नवंबर को जमुई एससी-एसटी थाना में आवेदन देकर दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में गांव के दिनेश यादव और मुकेश यादव, दोनों के पिता लालजीत यादव, पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

शोभा देवी के मुताबिक, वह गांव में चाउमिन और पकौड़े की दुकान चलाती हैं। पास में ही आरोपित पक्ष की भी दुकान है। उनका दावा है कि उनकी दुकान पर अधिक ग्राहक आने और अच्छी बिक्री होने के कारण दूसरे पक्ष के लोग नाराज रहते थे। इसी बात को लेकर घटना से दो दिन पहले कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उस दौरान जाति को लेकर भी अपमानजनक बातें कही गई थीं।

पत्नी का आरोप है कि इसी विवाद और रंजिश के चलते उनके पति पर चोरी का आरोप लगाकर हमला किया गया।

रात करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर पीटने का आरोप

विकास के बाबा सहदेव रविदास ने बताया कि 12 नवंबर की रात युवक को घुमाने के बहाने घर से ले जाया गया था। इसके बाद उसे बंधक बनाकर रात करीब एक बजे से तीन बजे तक पीटा गया। परिवार का आरोप है कि चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ अपमानजनक व्यवहार भी किया गया।

परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराने में परेशानी आ रही थी। बाद में गांव और समाज के लोगों ने चंदा इकट्ठा कर आर्थिक मदद की, जिसके बाद उसका उपचार शुरू कराया जा सका।

प्राथमिकी दर्ज, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं

एससी-एसटी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के अनुसार, मामले में कांड संख्या 38/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपितों के फरार होने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस की भूमिका की भी होगी जांच

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना छठ पर्व के आसपास संज्ञान में आई थी। जानकारी मिली है कि विकास घटना के दिन स्थानीय थाने भी पहुंचे थे। उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था।

अधिकारी ने कहा कि यदि मामले में पुलिस की ओर से किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Satya Report डिस्क्लेमर: इस रिपोर्ट में मारपीट और अन्य घटनाओं से जुड़े आरोप पीड़ित परिवार की शिकायत और उपलब्ध पुलिस जानकारी पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply