
सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI
उत्तर प्रदेश में नोएडा के सदरपुर में एक झकझोर देने वाली वारदात हुई है. यहां घरेलू विवाद में एक महिला के साथ बुरी तरह से मारपीट की गई. इससे भी मन नहीं भरा तो पति ने उसके ऊपर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया. इस घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर पहुंची सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी पति और सास-ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक सदरपुर में रहने वाली पीड़िता गुंजन शर्मा ने शिकायत दी है. बताया कि उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को यहां रहने वाले राहुल शर्मा के साथ हुई थी. इस शादी में उसके मायके वालों ने क्षमता से अधिक दान दहेज दिया था, बावजूद इसके, शादी के बाद दहेज को लेकर आए दिन उसे प्रताड़ित किया जाता था. पीड़िता के मुताबिक इसी क्रम में 8 अगस्त को उसकी सास अनीता शर्मा और ननद मोनिका शर्मा के साथ बहस हो गई.
पति को बुलाकर पिटवाया
गुंजन ने अपनी तहरीर में बताया है कि इस बहस के बाद उसकी सास और ननद ने पति राहुल को फोन पर खूब बढ़ा-चढ़ाकर कान भर दिया और तुरंत घर आने को कहा. वहीं जैसे ही राहुल घर पहुंचा, तीनों मिलकर उसके साथ मारपीट की. इससे भी उनका मन नहीं भरा तो अपना पालतू कुत्ता उसके ऊपर छोड़ दिया. इस घटना में कुत्ते ने उसे कई जगह काट लिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई. किसी तरह उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे रेस्क्यू किया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सेक्टर 39 थाना पुलिस ने आरोपी पति, सास और ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों और पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी.



