चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सोमवार को बहबल कलां गोलीकांड मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम के समक्ष पेश हुए। पंजाब पुलिस के इंस्टीट्यूट में उनसे लगभग दो घंटे तक पूछताछ की गई। इससे पहले एसआईटी ने उन्हें 16 जुलाई को समन जारी कर पेश होने के निर्देश दिए थे।

पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा कि जांच एजेंसी के बुलावे पर वह हर बार समय पर उपस्थित हुए हैं और कानून का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि वास्तविक दोषियों तक पहुंचा जा सके। हालांकि, उन्होंने एसआईटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जांच राजनीतिक उद्देश्य से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि घटना को कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। उनके अनुसार, बारबार पूछताछ के लिए बुलाना केवल राजनीतिक संदेश देने की कोशिश है।
इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी भी तरह के दबाव से घबराने वाली नहीं है और राजनीतिक स्तर पर जनता के बीच अपना संघर्ष जारी रखेगी। उधर, सुखबीर बादल की पेशी के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक बारिश के बावजूद पुलिस इंस्टीट्यूट के बाहर जुटे रहे। समर्थकों ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए, जबकि उनके लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
CM बोले सुखबीर, अब तेरी बारी है
CM भगवंत मान ने 15 जुलाई को मुकेरियां में एक जनसभा में कहा था कि सुखबीर बादल, मुझे लगता है, उसके सपने में भी भगवंत मान आता होगा। दिनरात एक ही बात पर लगा है, एक मेरी बारी दे दो, क्या यह पानी की बारी है? सुखबीर सिंह, कान खोलकर सुन ले, अब तेरी और तेरे साले की राज करने की नहीं जेल जाने की बारी है। जो गुरू साहिब की बेअदबियां कराई हैं, उसमें से बच नहीं सकते।



