
सुलतानपुर, अमृत विचार। यूपी के सुलतानपुर में हलियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर बबुआन गांव में रविवार को घर में अकेली रह रही 65 वर्षीय पियारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के अंदर बिस्तर पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला के भतीजे ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। गौरतलब है कि मृतका पियारी निःसंतान थीं। उनके पति रामकिशोर की कुछ दिन पहले ही मौत हुई थी। इसके बाद वह घर में अकेली रह रही थीं। उनकी मौत की खबर परिजनों को फोन के जरिए मिली।
भतीजे ने गले पर दबाव के निशान का किया दावा
पियारी के भतीजे संजय कुमार के अनुसार सुबह एक व्यक्ति ने फोन कर उनकी मौत की जानकारी दी। घर पहुंचने पर उन्होंने शव देखा। उनका दावा है कि पियारी की नाक में कील नहीं थी और गले पर कालेपन के साथ दबाव जैसा निशान दिखाई दे रहा था। इसी आधार पर उन्होंने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों के बीच पियारी की करीब चार बीघा जमीन को लेकर विवाद की चर्चा है। हालांकि जमीन विवाद और मौत के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
चोट के निशान नहीं मिले : सीओ
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



