
लखनऊ। देश विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए अभिनेता सनी देओल, प्रीति जिंटा और करण देओल शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान तीनों कलाकारों ने होटल ताज में मीडिया से बातचीत की और फिल्म की कहानी से जुड़े अनुभव साझा किए।
राजधानी लखनऊ पहुंचे अभिनेता सनी देओल, अभिनेत्री प्रीति जिंटा और करण देओल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सनी देओल और प्रीति जिंटा ने मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान फिल्म की कहानी और इसके विषय को लेकर चर्चा हुई।
‘बंटवारा 1947’ प्रेम कहानी, विभाजन है पृष्ठभूमि
सनी देओल ने बताया कि ‘बंटवारा 1947’ एक प्रेम कहानी है, जिसकी कहानी देश के विभाजन के दौर की पृष्ठभूमि में बुनी गई है। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए हर पीढ़ी को इतिहास को बेहतर ढंग से समझने और उससे सीखने का अवसर मिलेगा। सनी देओल के मुताबिक फिल्म देखने के बाद ही इसका नाम ‘बंटवारा 1947’ रखने का फैसला किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म का नाम तय करने से पहले उन्होंने अपने पिता और अभिनेता धर्मेंद्र की अनुमति ली थी।
प्रीति जिंटा ने किया रामलला का दर्शन
फिल्म प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचीं प्रीति जिंटा ने दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर देखने की अपील की। उन्होंने बताया कि लखनऊ आने से पहले उन्होंने अयोध्या में रामलला के दर्शन भी किए। प्रीति जिंटा ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए दर्शकों से इसे देखने की अपील की।
करण देओल ने बताया पिता के साथ काम करना था सपना
करण देओल ने फिल्म में अपने पिता सनी देओल के साथ काम करने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अपने पिता के साथ फिल्म में काम करना उनका सपना था, जो ‘बंटवारा 1947’ के जरिए पूरा हुआ। उन्होंने फिल्म में साथ काम करने के अनुभव को अपने लिए खास बताया।
रामस्वरूप कॉलेज में भी किया फिल्म का प्रमोशन
होटल ताज में मीडिया से बातचीत के बाद सनी देओल, प्रीति जिंटा और करण देओल रामस्वरूप कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म का प्रचार किया और लोगों से बातचीत की। इस दौरान तीनों कलाकारों ने राधा रमण बिहारी मंदिर के अध्यक्ष परम अपरिमेय श्याम दास से भी मुलाकात की। उन्होंने कलाकारों को अपनी पुस्तक ‘भक्ति : द फाउंडेशन ऑफ सनातन’ भेंट की। साथ ही राधा रमण बिहारी जी का प्रसाद भी प्रदान किया। फिल्म प्रमोशन के दौरान सनी देओल, प्रीति जिंटा और करण देओल की मौजूदगी ने लखनऊ में प्रशंसकों के बीच खास उत्साह देखने को मिला।



