
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के बाहर टीन शेड में नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान वर्षा (24) पत्नी जयहिंद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के परिवार के लोगों ने उसे घर के बाहर फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए जौनपुर ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षा को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का दावा है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं और हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया।
सूचना पर बरदह थाना पुलिस, नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी लालगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



