Mahoba Crime News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में बेलगाम दबंगों का आतंक देखने को मिला है, जहां कोर्ट से घर लौट रहे एक वकील पर दिनदहाड़े बदमाशों ने हमला बोल दिया. उन्होंने बेरहमी से पीटपीटकर वकील को बेहोश कर दिया और फिर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने वकील को अस्पताल में भर्ती कराया , जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. वकीलों में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा है. उन्होनें आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, ये घटना जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मुल्ला का खुड़ा इलाके की है. बरातपहाड़ी गांव के रहने वाले वकील सतीश अवस्थी रोजना की तरह मुख्यालय स्थित कचहरी परिसर से घर लौट रहे थे. जैसी ही उनकी बाइक मुल्ला का खुड़ा इलाके के पास पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठे 6 से ज्यादा दबंगों ने वकील को रोककर उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी है. दबंगों ने कुछ ही देर में उन्हें लहूलुहान कर दिया.
बीच सड़क वकील की पिटाई
इस दौरान पीड़ित ने भागकर जान बचाने की कोशिश की तो उन्हें घेरकर तब तक पीटा गया, जब तक वह बेहोश नहीं हो गए. इसके बाद दबंग चुपचाप मौके से भाग निकले. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन ने घायल सतीश को इलाज के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां तैनात डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. दिनदहाड़े वकील पर हुए जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही वकीलों में आक्रोश देखने को मिला है.
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए.उन्होंने एक स्वर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी में कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल, शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. वकील पर दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखने ये होगा कि कितना जल्द और क्या कार्रवाई करती है.



