
अमृतसर: स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य में सक्रिय दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए 4 नाबालिगों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पंजाब पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्टल, 4 पेट्रोल बम और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की।
डीजीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे ISI हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। उनका मकसद स्थानीय युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाना, सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखना, अवैध हथियार जुटाना और राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ना था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सर्विलांस कैमरे लगाए थे। इन कैमरों की फुटेज कथित तौर पर विदेशी हैंडलर्स को भेजी जा रही थी, ताकि संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा सके।
पुलिस ने इस मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान, उनके संपर्कों, फाइनेंशियल ट्रेल और किसी अन्य आतंकी गतिविधि में संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में आतंकवाद और सीमा पार से संचालित नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।



