CrimeIndiaTrending

सनकी प्रेमी की करतूत: मेस में प्रेमिका का गला रेता, बाइक पर बोरे में शव बांधकर भागते समय पुलिस नाके पर धराया.

सनकी प्रेमी की करतूत: मेस में प्रेमिका का गला रेता, बाइक पर बोरे में शव बांधकर भागते समय पुलिस नाके पर धराया.

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में प्रेम प्रसंग में शक के चलते प्रेमी अमित कुमार महतो ने अपनी प्रेमिका की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को एक बोरे में भरकर अपनी बाइक के पीछे बांधकर रात के अंधेरे में ठिकाने लगाने जा रहा था।

हालांकि, बलरामपुर थाना पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी नाका चेकिंग के दौरान रंगे हाथों पकड़ा गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका बाघमुंडी थाना क्षेत्र के बुड़दा गांव की रहने वाली थी, जबकि आरोपी अमित हुरुमदा गांव का निवासी है। 

दोनों पढ़ाई के सिलसिले में पुरुलिया शहर के बाहरी इलाके (टामना थाना क्षेत्र) में किराए के मेस में रहते थे। पिछले कुछ समय से अमित को संदेह था कि युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 

इसी रंजिश के तहत अमित ने शनिवार को प्रीतिका को अपने सुनसान मेस में बुलाया। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से युवती के गले पर जोरदार वार कर दिया। 

अत्यधिक खून बहने से युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपी ने शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद किया और उसे अपनी बाइक की पिछली सीट पर रस्सी से बांध लिया। 

वह देर रात करीब 1:30 बजे पुरुलिया से बलरामपुर की ओर निकल पड़ा। बलरामपुर इलेक्ट्रिक कार्यालय के पास मुस्तैद पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। 

जब पुलिसकर्मियों ने बाइक के पीछे बंधे बोरे को खुलवाया, तो अंदर का नजारा देखकर उनके भी होश उड़ गए। बोरे में युवती की गला कटी लाश पड़ी हुई थी।

पुलिस तुरंत उसे स्थानीय बांशगढ़ अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी अमित कुमार महतो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल मेस को सील कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।


दूसरी ओर, मृतका के पिता फलारी महतो ने घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की।

उन्‍होंने कहा कि हत्या में शामिल अन्य संभावित आरोपियों को भी बेनकाब कर सख्त सजा दी जाए। पुलिस ने आरोपी को पुरुलिया जिला न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply