हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के गणपति धाम में उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक अपनी दोस्त से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसकी जानकारी मिलने पर कुछ लोग घर में घुस आए और युवक के साथ जमकर मारपीट की. हमलावरों ने युवक के गले में कुत्ते वाला पट्टा डालकर उसे खंभे से बांध दिया. युवक और युवती अलग-अलग समुदाय से हैं.

हरिद्वार में एक युवक अपनी दोस्त से मिलने उसके घर पहुंचा था. कुछ देर बाद वहां कुछ लोगों की भीड़ पहुंच गई, युवक के साथ मारपीट की गई और उसके गले में कुत्ते का पट्टा डालकर खंभे से बांध दिया गया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में है. पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, युवक हरियाणा के करनाल का रहने वाला है. वह हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक अस्पताल में काम करता है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसकी इलाके में रहने वाली एक युवती से कई वर्षों से जान-पहचान थी. शनिवार को वह उसी युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था.
इसी दौरान कुछ लोगों को युवक के वहां होने की जानकारी मिल गई. आरोप है कि इसके बाद कई लोग घर के अंदर घुस गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. युवक के गले में कुत्ते का पट्टा डाल दिया गया और उसे खंभे से बांध दिया गया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ तमाशा देखती रही.


