Doormat Cleaning Tips: जब भी हम घर के अंदर कदम रखते हैं तो गंदे पैरों को डोरमैट की मदद से साफ करते हैं। लेकिन अगर डोरमैट ही गंदा हो जाए तो उसे भी साफ करना जरूरी होता है। बाहर से आने वाली धूल, मिट्टी और गंदगी सबसे पहले उसी डोरमैट पर आकर जम जाती है। हालांकि, रोजाना गंदे डोरमैट को साफ करना आसान नहीं है। खासकर जब पानी से साफ करते हैं तो इसे सुखाने में काफी समय लगता है। इसके अलावा धोने में भी काफी मुश्किल होती है।

ऐसे में बिना धोए डोर मैट को साफ करने के लिए आप कुछ तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। जिससे आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी और डोरमैट भी आसानी से साफ हो सकता है।
सबसे पहले धूल झाड़ें
डोरमैट की सफाई करने के लिए सबसे पहले उसमें जमी धूल और मिट्टी को अच्छे से हटाना होगा। इसके लिए मैट को बाहर ले जाकर अच्छी तरह से झटक दें। ऐसा करने से ऊपरी सतह पर जमी धूल और छोटे कण आसानी से निकल जाएंगे। अगर मैट बड़ा है तो इसे किसी दीवार या रेलिंग की मदद से हल्के से थपथपाकर साफ कर सकते हैं।
ब्रश की मदद से करें सफाई
डोरमैट को साफ करने के लिए अब उसमें फंसी हुई बाकी धूल को हटाने के लिए सख्त ब्रिसल वाला ब्रश लेना है। ब्रश को मैट पर आगेपीछे रगड़ने से अंदर जमी गंदगी बाहर आ जाएगी। यह तरीका खासतौर पर फाइबर और रबर वाले डोरमैट के लिए असरदार माना जाता है।
वैक्यूम क्लीनर से करें सफाई
अगर आपके पास वैक्यूम क्लीनर है तो डोरमैट की सफाई और आसान हो सकती है। वैक्यूम की मदद से मैट में फंसी धूल और बालों को आसानी से निकाला जा सकता है। नियमित रूप से वैक्यूम करने से डोरमैट ज्यादा समय तक साफ बना रहता है।
दाग हटाने का तरीका
अगर डोरमैट पर किसी तरह का दाग लगा है तो उसे हटाने के लिए भी आपको इसे धोने की जरूरत नहीं है। ऐसे में सिर्फ दाग वाली जगह को साफ किया जा सकता है। इसके लिए एक बाउल में पानी लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड डिटर्जेंट मिलाएं। अब ब्रश या स्पंज की मदद से दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से रगड़ें। कुछ मिनट बाद इसे ब्रश की मदद से साफ कर लें। इससे दाग हल्का होने लगेगा और मैट भी गीला नहीं होगा।
रखें इन चीजों का ध्यान
डोरमैट को लंबे समय तक साफ रखने के लिए समयसमय पर इसकी सफाई करते रहना जरूरी है। अगर डोरमैट गीला है तो उसे फर्श पर रखने से बचना चाहिए। इससे बदबू और फंगस की समस्या हो सकती है। डोरमैट को धूप में रखें जिससे इसकी नमी और बैक्टीरिया कम हो सकती है।
इन आसान तरीकों की मदद से डोरमैट को लंबे समय तक साफ और फ्रश रखने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आपको इसे धोने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।



