
अयोध्या, अमृत विचार: अयोध्या में रामायण की कथा अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक नए अंदाज में देखने को मिलेगी। गुप्तार घाट के पास सरयू तट पर तैयार हो रहा भव्य रामायण थीम पार्क। पार्क में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को बड़ी और आकर्षक मूर्तियों लगाई जा रही हैं। जिसे देखकर लगता है की रामायणकाल के सभी पात्र जीवंत रूप ले रहे हो। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रामायण काल की कथा का दृश्यात्मक अनुभव मिल सकेगा।
पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण 25 फीट ऊंची रावण की प्रतिमा होगी। युद्ध मुद्रा में तैयार की जा रही यह विशाल प्रतिमा लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। इसके अलावा पार्क में राम दरबार के साथ भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।
सातों कांडों के प्रमुख प्रसंग दिखेंगे
रामायण थीम पार्क में रामायण के सातों कांडों के प्रमुख प्रसंगों को मूर्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इन प्रसंगों को इस तरह प्रदर्शित किया जा रहा है कि श्रद्धालु और पर्यटक रामायण की कथा को करीब से महसूस कर सकें। विशाल प्रतिमाओं और दृश्यात्मक प्रस्तुति के जरिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने की तैयारी है।
सरयू तट पर बनेगा नया पर्यटन आकर्षण
गुप्तार घाट के समीप सरयू तट पर विकसित हो रहा यह थीम पार्क अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को एक नया आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रामायण से जुड़े प्रसंगों की भव्य प्रस्तुति के चलते यह स्थान श्रद्धालुओं के साथसाथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बन सकता है।
अयोध्या में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं के बीच रामायण थीम पार्क अपनी विशिष्ट थीम और विशाल प्रतिमाओं के कारण अलग पहचान बनाने की तैयारी में है। 25 फीट ऊंची रावण प्रतिमा, राम दरबार और सातों कांडों के प्रमुख प्रसंग पार्क की सबसे खास विशेषताओं में शामिल होंगे।
ः



