ओडिशा के अंगुल जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही बेटे की हत्या करने और फिर शव को जंगल में दफनाकर सबूत मिटाने का आरोप लगा है। यह मामला अंगुल जिले के रेंगाली इलाके के अर्किल गांव का है, जो रेंगाली डैम साइट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मृतक की पहचान संजीब उर्फ कुजा बेहरा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम मुरलीधर बेहरा बताया गया है।

पिता ने क्यों की हत्या?
जानकारी के मुताबिक परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर पिता और बेटे के बीच तीखी कहासुनी हुई। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता ने बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में संजीब की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि शव को साइकिल पर ले जाकर पास के जंगल में दफना दिया गया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
कैसे हुआ हत्या का खुलासा?
जब संजीब घर नहीं लौटा तो परिवार और गांव वालों को शक हुआ। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। गांव वालों और पुलिस की मदद से करीब छह दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार बुधवार को जंगल से संजीब का सड़ा गला शव बरामद किया गया। मामले में रेंगाली डैम साइट पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अब तक परिवार के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने क्या बताया?
मामले को लेकर पुलिस आईआईसी ने कहा,“राधारानी बेहरा नाम की एक महिला ने रेंगाली डैम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या उसके माता पिता और पहली पत्नी ने मिलकर की है। शिकायत के आधार पर केस नंबर 109/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान मृतक के माता पिता ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे संजीब की हत्या कर शव को पास के जंगल में दफना दिया था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद संजीब ने अपने मातापिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसी दौरान संजीब गिर पड़ा, जिसके बाद उसके पिता ने उसी कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपी ने शव को साइकिल पर ले जाकर पास के जंगल में दफना आए। मामले की जांच के लिए वैज्ञानिक टीम को बुलाया गया है और आगे की जांच जारी है।”
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शव को जंगल में दफनाने में और कौनकौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



