
Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तलासरी इलाके में अपनी सहेली के साथ हाईवे किनारे खड़ी एक युवती को कथित तौर पर छह युवक जबरन अगवा कर ले गए। आरोप है कि उसे एक बंद पड़े डाक बंगले में ले जाकर आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर तलासरी पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कुछ घंटों में तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया। तलासरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस निरीक्षक अजय गोरड के नेतृत्व में टीम लगातार दबिश दे रही है।
इलाके में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और महिला संगठनों में भारी नाराजगी है। लोगों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस का बयान
तलासरी पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जा रही है तथा कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



