CrimeIndia

क्रिकेट मैच देख रहे मासूम ने कहा- ये No बॉल नहीं… क्लीन बोल्ड हुए खिलाड़ी ने बैट से कर दिया हमला, मौत

Bhadohi Crime News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से खेल के मैदान को कलंकित करने वाली एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक क्रिकेट मैच के दौरान महज नो बॉल के विवाद को लेकर 12 वर्षीय किशोर की क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने सच का साथ देते हुए विवादित गेंद को नो बॉल मानने से इनकार कर दिया था. इस हमले में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर 15 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

क्रिकेट मैच देख रहे मासूम ने कहा- ये No बॉल नहीं… क्लीन बोल्ड हुए खिलाड़ी ने बैट से कर दिया हमला, मौत

ये दर्दनाक घटना भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भानीपुर गांव की है. भानीपुर गांव का रहने वाला 12 वर्षीय आदित्य कुमार बुधवार शाम करीब 4 बजे अपने घर से महज 200 मीटर दूर स्थित अंबेडकर पार्क में चल रहा क्रिकेट मैच देखने गया था. वो खुद खेल में शामिल नहीं था, बल्कि मैदान के किनारे बैठकर अन्य बच्चों का मैच देख रहा था. शाम करीब 5 बजे मैच के दौरान बल्लेबाजी कर रहा 15 वर्षीय एक किशोर एक गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गया. आउट होने के बावजूद उसने खुद को आउट मानने से साफ इनकार कर दिया और दावा किया कि वह गेंद नो बॉल थी. इस बात को लेकर खेल रहे बच्चों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

क्रिकेट बैट से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

विवाद को सुलझाने के लिए मैदान पर खेल रहे लड़कों ने बाहर बैठे आदित्य से उसकी राय पूछी. निष्पक्ष होकर आदित्य ने सीधे कह दिया कि ‘गेंद नो बॉल नहीं है.’ आदित्य के मुंह से यह सच सुनते ही आरोपी बल्लेबाज गुस्से से आगबबूला हो गया. उसने आव देखा न ताव, अपने हाथ में पकड़े क्रिकेट बैट से आदित्य के सिर पर एक के बाद एक कई जोरदार वार कर दिए. सिर फटने के कारण आदित्य खून से लथपथ होकर वहीं मैदान पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया.

गवाह को दी जान से मारने की धमकी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने वहां मौजूद आदित्य के चचेरे भाई को भी गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी. उसने कहा कि अगर उसने घर जाकर इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसे भी जान से मार देगा. हालांकि, चचेरे भाई ने किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई.

तीन बहनों का इकलौता भाई था मासूम

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्य के पिता संजय कुमार और अन्य परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे. परिजन तुरंत खून से लथपथ आदित्य को लेकर सुरियावां स्थित संगम अस्पताल भागे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद उसे भदोही शहर के जीवनदीप अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बुधवार रात 8:28 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उजड़ गए परिवार के सपने

इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है. संजय कुमार मुंबई में मेहनतमजूदरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं. चार बच्चों में आदित्य उनका इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी व तीन छोटी बहनें हैं. आदित्य पढ़ाई में बेहद होनहार था और इसी साल उसने कक्षा छह में दाखिला लिया था. सबसे दुखद बात यह है कि पूरा परिवार गुरुवार को काशी एक्सप्रेस से मुंबई जाने वाला था, जिसके टिकट भी बुक हो चुके थे. परिवार वहां एक नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही यह भयावह हादसा हो गया.

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी हिरासत में, जांच जारी

दुर्गागंज थाना पुलिस ने पीड़ित पिता के बयान और प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की कानूनी तफ्तीश को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply