मंगलवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए. यह लगातार दूसरा दिन था जब बाजार में गिरावट देखी गई, क्योंकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकाईरान के बीच तनाव के कारण निवेशकों ने जोखिम लेने से परहेज किया. वास्तव में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 3 फीसदी की तेजी देखने को मिली. खाड़ी देशों का कच्चा तेल 99 डॉलर के पार कारोबार करता हुआ दिखाई दिया. वहीं दूसरी ओर भारत में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल पार कर गई. ICICI बैंक, HDFC बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे ब्लूचिप शेयरों में बिकवाली ने भी बाजार को नीचे खींचा. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार में किस तरह के आंकड़े देखने को मिले हैं.

शेयर बाजार में गिरावट
30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 555.23 अंक या 0.73 प्रतिशत गिरकर 75,577.58 पर बंद हुआ. दिन के दौरान, यह 579.46 अंक या 0.76 प्रतिशत गिरकर 75,553.35 पर आ गया था. खास बात तो ये है कि सेंसेक्स करीब 50 दिन के लोअर लेवल पर पहुंच गया है. 24 जुलाई को आखिरी बार सेंसेक्स इस लेवल पर देखने को मिला था. 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 144.05 अंक या 0.61 प्रतिशत गिरकर 23,635.10 पर बंद हुआ. सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और HDFC बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंटरग्लोब एविएशन में बढ़त दर्ज की गई. ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत बढ़कर 98.36 डॉलर प्रति बैरल हो गया.
क्यों आई शेयर बाजार में गिरावट
ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म ‘एनरिच मनी’ के CEO पोनमुडी आर ने कहा कि भारतीय इक्विटी बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए और सात हफ्तों के निचले स्तर पर आ गए. कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और लगातार भूराजनीतिक अनिश्चितता के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर बना रहा और बाजार में मंदी का रुख जारी रहा. पूरे सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा.” BSE मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.79 प्रतिशत चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ सपाट बंद हुआ.
इन सेक्टर्स में आई गिरावट
BSE के सेक्टर इंडेक्स में इंश्योरेंस में 1.05 प्रतिशत, टॉप 10 बैंक में 0.97 प्रतिशत, प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.88 प्रतिशत, फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.80 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस में 0.64 प्रतिशत, बैंकेक्स में 0.63 प्रतिशत और एनर्जी में 0.48 प्रतिशत की गिरावट आई. कमोडिटी, कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी, FMCG, हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल्स, टेलीकम्युनिकेशन, कैपिटल गुड्स, पावर, सर्विसेज़ और मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक सेक्टर में बढ़त देखने को मिली.
एशियाई बाजार भी गिरावट के साथ बंद
एशियाई बाज़ारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि शंघाई का SSE कम्पोजिट इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुआ. यूरोप के बाज़ार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. लेबर डे की छुट्टी के कारण सोमवार को अमेरिकी बाज़ार बंद रहे. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 280.13 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. सोमवार को सेंसेक्स 382.62 अंक या 0.50 प्रतिशत गिरकर 76,132.81 पर बंद हुआ. निफ्टी 118.55 अंक या 0.50 प्रतिशत गिरकर 23,779.15 पर बंद हुआ.



