IndiaTrending

36 लाख खर्च कर रचाई शादी, 9 दिन बाद ही टूटने लगी रिश्ते की डोर; वजह ने सबको चौंकाया..

36 लाख खर्च कर रचाई शादी, 9 दिन बाद ही टूटने लगी रिश्ते की डोर; वजह ने सबको चौंकाया..

Chinese Wedding Viral Story: हमारे देश में आज भी कहा जाता है कि शादी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला होता है, जिसे सोच समझकर लेना चाहिए. लेकिन चीन के झेजियांग प्रांत के रहने वाले एक शख्स के साथ ऐसा मामला सामने आया, जहां उसने अपनी शादी का फैसला बेहद जल्दबाजी में कर लिया. सिर्फ एक छोटी सी वीडियो कॉल के बाद उसने शादी कर ली, लेकिन कुछ ही दिनों में उसे लगा कि उससे बड़ी गलती हो गई.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, 32 साल के इस शख्स का सरनेम गू बताया जा रहा है. गू ने एक स्थानीय मैचमेकिंग सेंटर में रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसके लिए उसने करीब 200 युआन भारतीय रुपये में लगभग 2800 रुपये दिए थे. इसके बाद सेंटर ने उसकी मुलाकात शानक्सी प्रांत की रहने वाली 30 साल की एक महिला से कराई. 5 मिनट की वीडियो कॉल के बाद ही उसने लड़की से शादी करने का फैसला कर लिया.

माता पिता के दबाव में लिया शादी का फैसला
गू ने बताया कि वह अपने माता पिता का इकलौता बेटा है और परिवार की इच्छा के चलते उसने जल्दी शादी करने का फैसला लिया. मैचमेकिंग सेंटर ने उसे महिला की प्रोफाइल दिखाई, जिसमें दावा किया गया था कि महिला पर कोई कर्ज नहीं है, उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और उसे कोई गंभीर बीमारी भी नहीं है. प्रोफाइल में यह भी लिखा था कि महिला ‘फ्लैश मैरिज’ यानी जल्दी शादी करने के लिए तैयार है और शादी के बाद दूसरे शहर में रहने को भी राजी है. दोनों की पहली और लगभग आखिरी बातचीत वीडियो कॉल पर हुई. यह कॉल सिर्फ 5 मिनट चली. गू ने महिला से उसकी नौकरी और परिवार के बारे में कुछ सवाल पूछे, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्यादातर जवाब मैचमेकर की तरफ से दिए गए.

36 लाख रुपये खर्च कर हुई शादी
वीडियो कॉल के बाद गू और उसके परिवार ने शादी आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया. इसके बाद शादी की तैयारियां शुरू हुईं और परिवार ने करीब 2.65 लाख युआन यानी लगभग 36.95 लाख रुपये खर्च कर दिए. इसमें करीब 1 लाख युआन (लगभग 13.94 लाख रुपये) दहेज या शादी से जुड़ी रकम के तौर पर दिए गए थे, जबकि करीब 1.60 लाख युआन (लगभग 22 लाख रुपये) मैचमेकिंग फीस के रूप में खर्च हुए. हैरानी की बात यह रही कि शादी से पहले गू या उसके परिवार ने महिला और उसके परिवार से आमने सामने मुलाकात तक नहीं की थी. मैचमेकर महिला को गू के शहर लेकर आया और तीन दिन बाद दोनों ने शादी रजिस्टर करवा ली.

शादी के बाद सामने आईं कई बातें
शादी के बाद जब गू ने अपनी पत्नी के साथ बैंक जाकर क्रेडिट रिपोर्ट चेक करवाई, तो वह हैरान रह गया. रिपोर्ट में सामने आया कि महिला पर करीब 1 लाख युआन का कर्ज था. महिला ने सफाई देते हुए कहा कि यह कर्ज उसका नहीं बल्कि उसके पुराने बॉयफ्रेंड का था. लेकिन गू को यह बात आसानी से समझ नहीं आई. इसके बाद उसे एक और बात ने परेशान किया. उसने देखा कि महिला के मोबाइल पेमेंट ऐप पर नाम कुछ और था, जबकि मैचमेकिंग सेंटर ने उसे जो जानकारी दी थी, उससे यह नाम अलग था. गू के मुताबिक, बाद में उसे पता चला कि महिला के लिवर एंजाइम बढ़े हुए हैं और उसे वजन कम करने की जरूरत है. हालांकि महिला का कहना था कि इससे उसकी मां बनने की क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

9 दिन बाद तलाक की मांग
शादी के सिर्फ 9 दिन बाद गू ने तलाक लेने का फैसला कर लिया. शुरुआत में महिला भी इसके लिए तैयार हो गई थी, लेकिन बाद में उसने खुद गू के खिलाफ केस कर दिया. महिला ने आरोप लगाया कि तलाक की मांग से उसे मानसिक परेशानी हुई और उसने करीब 50 हजार युआन (लगभग 7 लाख भारतीय रुपये) मुआवजे की मांग की. वहीं गू ने मैचमेकिंग सेंटर के खिलाफ भी केस कर दिया है. उसका कहना है कि उसे गलत जानकारी देकर शादी करवाई गई, इसलिए उसकी फीस वापस की जानी चाहिए. हालांकि मैचमेकिंग सेंटर ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया है और दावा किया है कि यह विवाद दोनों ने मिलकर खड़ा किया है.

जल्दबाजी में लिए फैसले पर उठे सवाल
यह मामला अब चीन में चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर लोग इसे जल्दबाजी में शादी करने का नतीजा बता रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि आज के समय में ऑनलाइन प्रोफाइल और कुछ मिनटों की बातचीत के आधार पर जिंदगी का इतना बड़ा फैसला लेना खतरे से खाली नहीं है. वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि शादी जैसे रिश्ते में भरोसा और सही जानकारी सबसे जरूरी होती है. सिर्फ परिवार के दबाव या जल्द फैसले की वजह से लिया गया कदम बाद में बड़ी परेशानी बन सकता है. फिलहाल गू तलाक और पैसे वापसी की कानूनी लड़ाई लड़ रहा है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply