CrimeDelhiIndiaTrending

दिवाली की​​ रात मामूली विरोध के बाद बिगड़ा मामला, अस्पताल में इलाज के दौरान गई दिव्यांग युवक की जान

दिवाली की​​ रात मामूली विरोध के बाद बिगड़ा मामला, अस्पताल में इलाज के दौरान गई दिव्यांग युवक की जान

निहाल विहार, दिल्ली: राजधानी दिल्ली में दिवाली की रात बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने का विरोध करना एक दिव्यांग युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि विरोध करने पर पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं के साथ दर्ज प्राथमिकी में बदलाव करते हुए गैर इरादतन हत्या की धारा भी जोड़ दी है।

मृतक की पहचान 39 वर्षीय देवेंद्र सिंह उर्फ हनी के रूप में हुई है। वह पेशे से कारपेंटर थे और निहाल विहार इलाके में अपनी बुजुर्ग मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे।

बुलेट की आवाज का विरोध करने पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, दिवाली की रात तीन लोग घर के बाहर बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकाल रहे थे। इस दौरान वे कथित तौर पर अपशब्द भी बोल रहे थे। देवेंद्र ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि तीनों ने उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोग जमा हुए तो हमलावर मौके से भाग गए।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद देवेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। निहाल विहार थाना पुलिस ने शुरुआत में हत्या के प्रयास के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, सोमवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा भी जोड़ दी। पुलिस के मुताबिक, नामजद आरोपियों में से एक पारस पहले देवेंद्र का पड़ोसी था, लेकिन हाल ही में वह कुछ गलियां छोड़कर दूसरी जगह रहने लगा था।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब मामले में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है। परिजनों के अनुसार, मृतक की बहन विदेश में रहती हैं। उनके दिल्ली पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाना था। पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

पटाखे की चिंगारी से बच्ची झुलसी, विरोध करने पर मां से मारपीट

दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में भी दिवाली की रात पटाखों से जुड़ी एक दूसरी घटना सामने आई। यहां पड़ोस में पटाखे जलाने के दौरान उड़ी चिंगारी से पांच साल की बच्ची के कपड़ों में आग लग गई, जिससे उसका पेट झुलस गया।

बच्ची की मां ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि पड़ोसियों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो और लापरवाही से जान खतरे में डालने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस से जुड़ी जानकारी पर आधारित है। दोनों घटनाओं में दर्ज आरोपों की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply